कौशल विकास को नई मजबूती, LMGSE का दूसरा बैच सफलतापूर्वक पूर्ण
गढ़चिरौली - लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड की पहल ‘लॉयड्स मिशन फॉर ग्लोबल स्किल्स एंड एंटरप्रेन्योरशिप’ (LMGSE) ने अपने दूसरे प्रशिक्षण बैच के सफल समापन की घोषणा की है। 28 जनवरी 2026 से शुरू हुआ यह बैच 26 मार्च 2026 को संपन्न हुआ, जिसमें 255 युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें तत्काल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
इस अवसर पर गढ़चिरौली जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुहास गाडे, कंपनी के प्रबंध निदेशक बी. प्रभाकरन, रेजिडेंट डायरेक्टर हिम्मत सिंह, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एस. वेंकटेश्वरन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। LMGSE का उद्देश्य क्षेत्र में कौशल अंतर को कम कर युवाओं को उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार योग्य बनाना है। यह कार्यक्रम औद्योगिक एवं अनुप्रयुक्त कौशल, लॉजिस्टिक्स एवं ड्राइविंग, तथा हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में स्थापित उत्कृष्टता केंद्रों (CoEs) के जरिए संचालित किया जा रहा है। इनमें वेल्डिंग, इलेक्ट्रिकल कार्य, वेयरहाउस संचालन, ड्राइविंग, फूड एंड बेवरेज सेवाएं, हाउसकीपिंग और रिटेल जैसे विभिन्न जॉब रोल्स में प्रशिक्षण दिया जाता है। 11 दिसंबर 2025 को सॉफ्ट लॉन्च के बाद से इस पहल ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 26 जनवरी 2026 को पूर्ण हुए पहले बैच में 527 उम्मीदवारों को 100 प्रतिशत प्लेसमेंट मिला था। प्रशिक्षण पूर्ण होते ही अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाते हैं, जिससे रोजगार की प्रक्रिया सुगम बनती है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीईओ सुहास गाडे ने युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देने के लिए इस पहल की सराहना की। वहीं, प्रबंध निदेशक बी. प्रभाकरन ने कहा कि यह संस्थान गढ़चिरौली के विकसित भविष्य की मजबूत नींव रख रहा है और अब तक 2000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
उन्होंने आगे बताया कि कंपनी का लक्ष्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि स्थानीय सशक्तिकरण के आधार पर एक सशक्त आर्थिक मॉडल तैयार करना है। साथ ही, महिलाओं के लिए उन्नत ड्राइविंग स्कूल स्थापित करने की योजना भी घोषित की गई, जिसमें महिला ड्राइवरों को विशेष सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रभाकरन ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य सरकार का गढ़चिरौली को स्टील हब के रूप में विकसित करने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी में दिए गए संबोधन ने इस पहल के समग्र कौशल विकास मॉडल को प्रदर्शित किया। LMGSE के माध्यम से लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड क्षेत्र में समावेशी विकास और युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
रिपोर्टर - संजय यमसलवार

No Previous Comments found.