कमलापुर जंगल में आग का तांडव,हाथियों सहित वन संपदा पर खतरा

गड़चिरोली - वन वृत्त के अंतर्गत सिरोंचा वन विभाग के कमलापुर वन परिक्षेत्र में इन दिनों भीषण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। कमलापुर–दामरांचा मार्ग के किनारे स्थित जंगल क्षेत्र में लगी इस आग ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। जानकारी के अनुसार,आग इतनी तेजी से फैल रही है कि जंगल का बड़ा हिस्सा जलकर खाक होने की कगार पर है। आग ने आसपास के वन क्षेत्र में तांडव मचा रखा है, जिससे पर्यावरण और जैव विविधता पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी क्षेत्र में शासकीय हाथी कैंप स्थित है, जहां करीब 9 हाथी रह रहे हैं। ऐसे संवेदनशील इलाके में आग लगने के बावजूद समय पर प्रभावी नियंत्रण न किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। आग के कारण हाथियों सहित अन्य वन्यजीवों के जीवन पर भी संकट गहरा गया है। इस भीषण आग से बड़ी मात्रा में बहुमूल्य वन संपदा नष्ट हो रही है और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है। बावजूद इसके,सिरोंचा वन विभाग और कमलापुर वन परिक्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आ रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर आग पर काबू पाने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति को नियंत्रित नहीं किया गया, तो यह आग पूरे क्षेत्र की जैव विविधता के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। वन विभाग से अपील की जा रही है कि इस गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की जाए, अन्यथा आने वाले दिनों में यह आग एक बड़े पर्यावरणीय संकट का रूप ले सकती है।

रिपोर्टर - संजय यमसलवार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.