नक्सल कमांडर के महिमामंडन मामले में छात्रों पर देशद्रोह का केस
गडचिरोली - पुणे के विश्रांतवाड़ी क्षेत्र स्थित एक शासकीय छात्रावास में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान नक्सल कमांडर का कथित महिमामंडन किए जाने के मामले में गडचिरोली जिले के दो छात्रों के खिलाफ देशद्रोह सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस घटना से शैक्षणिक और सामाजिक हलकों में हलचल मच गई है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 11 अप्रैल को विश्रांतवाड़ी स्थित छात्रावास में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान कुछ छात्रों द्वारा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) से जुड़े कुख्यात नक्सल कमांडर हिडमा माड़वी पर आधारित गीत पर नृत्य प्रस्तुति दी गई। पुलिस का आरोप है कि इस प्रस्तुति के माध्यम से नक्सलवाद का महिमामंडन किया गया। इस मामले में निम्नलिखित छात्रों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है: किरण नारायण गोमासे (22 वर्ष) निवासी – देचली, तहसील अहेरी, जिला गडचिरोली वर्तमान – भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर शासकीय छात्रावास, विश्रांतवाड़ी,पुणे शिक्षा – BBA CA, श्रीनिवास हनुमंत कुमरी (23 वर्ष) निवासी – झिंगानूर, तहसील सिरोंचा, जिला गडचिरोली वर्तमान – पुणे शिक्षा – BBA CA (तृतीय वर्ष), नेस वाडिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स इस प्रकरण में पुलिस कर्मचारी शब्बीर शेख (31 वर्ष) द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है। जांच अधिकारियों के अनुसार, संबंधित प्रस्तुति में ऐसी सामग्री प्रस्तुत की गई, जो देश की संप्रभुता और अखंडता को प्रभावित कर सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच जारी है। इस प्रकरण की जांच में गडचिरोली जिला पुलिस भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है, क्योंकि आरोपी छात्र उसी जिले के निवासी हैं। घटना के बाद शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार


No Previous Comments found.