स्थानीय अपराध शाखा व कुरखेडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई – अवैध जुआ खेलते 22 आरोपी गिरफ्तार

गडचिरोली : जिले में अवैध धंधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री नीलोत्पल के निर्देशानुसार लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 अप्रैल 2026 को स्थानीय अपराध शाखा तथा पुलिस स्टेशन कुरखेडा की संयुक्त टीम ने अवैध जुआ खेल रहे आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल की रात लगभग 1 बजे पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि कुरखेडा निवासी एजाज शेख उर्फ कात्या जंगल क्षेत्र में कुछ लोगों को इकट्ठा कर ताश के पत्तों से पैसे लगाकर जुआ खेल रहा है। सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक भगतसिंह दुल्हत व उनकी टीम मौके पर पहुंची और दो पंचों की उपस्थिति में जंगल क्षेत्र में छापा मारा।

छापेमारी के दौरान कई लोग 52 ताश के पत्तों से पैसे की बाजी लगाकर जुआ खेलते पाए गए। पुलिस की आहट मिलते ही कुछ आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। इस कार्रवाई में कुरखेडा पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक महेंद्र वाघ व उनकी टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने एजाज रफीक शेख उर्फ कात्या (उम्र 41 वर्ष, निवासी कुरखेडा) सहित कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान मौके से 2,75,200 रुपये नकद, जुआ खेलने के पत्ते, 23 पुराने मोबाइल फोन, 13 चारपहिया वाहन तथा 6 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 71,85,330 रुपये बताई गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस स्टेशन कुरखेडा में महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की धारा 12 (अ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक महेंद्र वाघ द्वारा की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री नीलोत्पल, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) श्री एम. रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) श्री गोकुल राज, तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी कुरखेडा श्री रविंद्र भोसले के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में स्थानीय अपराध शाखा व कुरखेडा पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।

रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.