सिरोंचा (NH 353C) हाईवे का काम ठप; ठेकेदार लापता, नागरिकों में आक्रोश

गडचिरोली - आलापल्ली–सिरोंचा (NH 353C) राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य में भारी देरी,अधूरी स्थिति और ठेकेदार की लापरवाही के चलते क्षेत्र के नागरिकों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर लापता हो गया है और उससे किसी प्रकार का संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। इस मामले में जनकल्याण समाजोन्नती अन्याय व भ्रष्टाचार निवारण समिति की ओर से तहसीलदार, अहेरी को चेतावनीपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन जिलाध्यक्ष संतोष रामचंद्र ताटीकोंडावार और जिला कार्याध्यक्ष रियाज शेख के नेतृत्व में दिया गया। इस दौरान सलाय्या कंबलवर, मधुकर चिलनकर, टाटाजी गेडाम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में शुरू हुआ यह हाईवे निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। करीब 6 वर्ष बीत जाने के बावजूद केवल कुछ हिस्सों का ही काम पूरा हुआ है, जबकि कई स्थानों पर सड़क अधूरी छोड़ दी गई है। सड़क पर पड़ी गिट्टी और उड़ती धूल के कारण यात्रा बेहद खतरनाक हो गई है। दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर गिरने, टायर पंचर होने, वाहनों को नुकसान पहुंचने जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। साथ ही धूल के कारण लोगों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उसे ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है। इसी बीच प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द से जल्द काम शुरू कर सड़क को सुरक्षित नहीं बनाया गया,तो तीव्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही 29 अप्रैल 2026 को मौजा मोसम स्थित संड्रा फाटा पर ‘रास्ता रोको’ आंदोलन करने का निर्णय लिया गया है।नागरिकों के जीवन से जुड़ा यह गंभीर मुद्दा होने के कारण प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की जा रही है।

रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.