PSI निकिता खेडेकर व ट्रैफिक टीम की तेज कार्रवाई से नागरिकों में बढ़ा विश्वास

गडचिरोली - अहेरी पुलिस ने अपनी सतर्कता और तेज कार्रवाई का परिचय देते हुए एक बुजुर्ग व्यक्ति का खोया हुआ 13 हजार रुपये का सामान महज कुछ ही घंटों में ढूंढकर वापस सौंप दिया। इस घटना से पुलिस की कार्यकुशलता और संवेदनशीलता एक बार फिर सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार,गट्टू नानाय्या कन्नाबईना (निवासी देवलमरी,तहसील अहेरी,जिला गडचिरोली) 30 अप्रैल को दोपहर करीब 1 बजे अहेरी पोस्ट पहुंचे। आलापल्ली पुलिस थाने की महिला उपनिरीक्षक (PSI) निकिता खेडेकर ने उनसे बातचीत की, तब उन्होंने अपने पास रखी 13 हजार रुपये की नकद राशि खो जाने की जानकारी दी। बताया गया कि बुजुर्ग देवलमरी से वेंकटापुर–गोमनी मार्ग पर चलने वाले एक निजी बोलेरो पिकअप वाहन से अहेरी बाजार घरेलू सामान खरीदने आए थे। उनकी नकदी नीले रंग के बैग में रखी थी, जो अहेरी में उतरते समय वाहन में ही छूट गई और वाहन आगे निकल गया।

घटना की जानकारी मिलते ही PSI निकिता खेडेकर ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और ट्रैफिक विभाग के ज्ञानेश्वर निलावार (मेजर) से संपर्क किया। संबंधित वाहन की तलाश की गई, जो आलापल्ली–मुलचेरा मार्ग पर मिला। वाहन की जांच के दौरान केबिन में नीले बैग में 13 हजार रुपये की नकदी सुरक्षित बरामद हुई। वाहन चालक को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
ट्रैफिक पुलिस ने राशि को अपने कब्जे में लेकर PSI निकिता खेडेकर और अहेरी पुलिस की उपस्थिति में बुजुर्ग को सौंप दिया। यह पूरी कार्रवाई पुलिस निरीक्षक हर्षल एकरे के मार्गदर्शन में की गई। अपना खोया हुआ पैसा वापस मिलने पर बुजुर्ग के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था। अहेरी पुलिस की इस त्वरित और जनहितकारी कार्रवाई से “पुलिस आपकी सेवा में” का संदेश और मजबूत हुआ है तथा आम नागरिकों का पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़ा है।

रिपोर्टर - संजय यमसलवार 
,

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.