महिलाओं के स्वास्थ्य की दिशा में बड़ा कदम : जिला सामान्य अस्पताल में शुरू हुआ PCOD क्लिनिक
गडचिरोली - महिलाओं और युवतियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला सामान्य अस्पताल गडचिरोली में पीसीओडी (पॉलीसिस्टिक ओवेरियन डिजीज) क्लिनिक का शुभारंभ किया गया। 6 मई 2026 को आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष क्लिनिक के माध्यम से पीसीओडी से पीड़ित महिलाओं को नियमित जांच, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान समय में बड़ी संख्या में महिलाएं पीसीओडी की समस्या से प्रभावित हो रही हैं। इस बीमारी के कारण मासिक धर्म अनियमित होना, वजन बढ़ना, चेहरे पर अनचाहे बाल आना, मुंहासे होना तथा गर्भधारण में कठिनाई जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। चिकित्सकों ने बताया कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, उचित परामर्श और समय पर इलाज के जरिए इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
अस्पताल प्रशासन द्वारा शुरू किए गए इस विशेष क्लिनिक में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मानसी कांबळे प्रत्येक बुधवार को पीसीओडी से प्रभावित महिलाओं और युवतियों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श देंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. वर्षा लहाडे ने की। इस अवसर पर डॉ.छाया उईके,डॉ.अंबरीश तिवारी,डॉ.इंद्रजीत नागदेवते,डॉ.मनीष मेश्राम,डॉ. बागराज धुर्वे, आशा बावणे तथा नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र की प्राचार्या मेघा कुलसुंगे सहित अस्पताल के अधिकारी, कर्मचारी और नर्सिंग विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में डॉ. वर्षा लहाडे ने महिलाओं से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। कार्यक्रम को सफल बनाने में नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र के कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा जिला सामान्य अस्पताल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान।
रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम

No Previous Comments found.