“एटापल्ली के संस्कार पब्लिक स्कूल ने फहराया सफलता का परचम!

गडचिरोली - जिले के एटापल्ली स्थित संस्कार संस्था द्वारा संचालित संस्कार पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर अपने उत्कृष्ट शिक्षण की परंपरा को कायम रखा है। अंग्रेजी माध्यम की इस प्रतिष्ठित स्कूल की छात्रा कु. दिव्यानी योगेश गोंगले ने इस वर्ष आयोजित नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त कर स्कूल और पूरे एटापल्ली क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इतना ही नहीं, इसी वर्ष आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा में भी संस्कार पब्लिक स्कूल की कु. दिव्यानी योगेश गोंगले तथा कु. स्वराली मनेश मेश्राम छात्रवृत्ति प्राप्त करने में सफल रही हैं। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से स्कूल की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था और उत्कृष्ट मार्गदर्शन की एक बार फिर पुष्टि हुई है। संस्कार पब्लिक स्कूल पिछले कई वर्षों से नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा और छात्रवृत्ति परीक्षाओं में लगातार उत्कृष्ट परिणाम देता आ रहा है। इसी वजह से यह विद्यालय पूरे क्षेत्र में “विद्यार्थियों का भविष्य संवारने वाली स्कूल” के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुका है। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय अंग्रेजी शिक्षा उपलब्ध कराने में यह स्कूल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए “पंचपरिवर्तन” उपक्रम भी चलाया जा रहा है। इस उपक्रम के अंतर्गत संस्कार, स्वच्छता, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और व्यक्तित्व विकास जैसे मूल्यों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों का विकास होने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित हो रही है।

शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ विज्ञान प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताओं और अन्य सहशालेय गतिविधियों में भी स्कूल के विद्यार्थी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यार्थियों के समग्र विकास पर जोर देने वाली यह संस्था अब अभिभावकों के बीच भी भरोसेमंद शैक्षणिक केंद्र बन चुकी है। इस शानदार सफलता पर स्कूल की मुख्याध्यापिका पूजा रमेश दासरवार ने सफल विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं संस्था के संचालक विजय संस्कार ने विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग की सराहना की।
सफल छात्राओं ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल द्वारा मिले उचित मार्गदर्शन को दिया। विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता से पूरे एटापल्ली क्षेत्र में खुशी का माहौल है और स्कूल पर बधाइयों की बारिश हो रही है।

रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.