"हर बच्चे तक पहुंचे पोलियो की दो बूंदें" अभियान को मिला अभिभावकों का उत्साहपूर्ण सहयोग

गड़चिरोली - जिले के अहेरी तहसील अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आलापल्ली के उपकेंद्र पुसुकपल्ली में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद भोयर के हाथों बच्चों को पोलियो निरोधक दवा की दो बूंदें पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए टीके की खुराक दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर अवश्य लेकर आएं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो टीकाकरण से वंचित न रह जाए।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रमोद भोयर ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी के पूर्ण उन्मूलन के लिए प्रत्येक बच्चे का टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और अपने बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की परिचारिकाओं,आशा कार्यकर्ताओं,आंगनवाड़ी सेविकाओं एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से पोलियो की खुराक पिलाई। केंद्र पर पहुंचे अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक अपने बच्चों का टीकाकरण करवाया और अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रत्येक बच्चे तक टीकाकरण पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी कारणवश कोई बच्चा टीकाकरण से छूट गया हो,तो उसे तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। यह अभियान क्षेत्र में पोलियो उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है, जिसे स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है।


रिपोर्टर - संजय यमसलवार 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.