SC-ST किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी: पंप पर 90% और PVC पाइप पर 100% सब्सिडी, तुरंत करें ऑनलाइन आवेदन

गड़चिरोली - जिले के चयनित 532 गांवों के अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के किसानों के लिए नानाजी देशमुख कृषि संजीवनी परियोजना (पोकरा) के तहत सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया गया है। इस योजना के अंतर्गत किसानों को सिंचाई पंप सेट पर 90 प्रतिशत अनुदान तथा पीवीसी पाइप सेट पर 100 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। कृषि विभाग ने पात्र किसानों से महापोकरा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। यह योजना गड़चिरोली जिले के पोकरा परियोजना में शामिल 532 चयनित गांवों के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों के लिए लागू की गई है। योजना का उद्देश्य सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कर कृषि उत्पादन बढ़ाना, जल संरक्षण को प्रोत्साहित करना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना है। योजना के तहत किसानों को सिंचाई के लिए आवश्यक पंप सेट पर 90 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। वहीं खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए आवश्यक पीवीसी पाइप सेट पर 100 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा, जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ काफी कम होगा।

योजना का लाभ लेने के लिए पात्रता

योजना का लाभ लेने हेतु आवेदक का गड़चिरोली जिले के पोकरा परियोजना में शामिल 532 गांवों में से किसी एक गांव का निवासी होना आवश्यक है। साथ ही वह अनुसूचित जाति (SC) अथवा अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग का किसान होना चाहिए। इसके अलावा सिंचाई के लिए कुआं, बोरवेल, नदी, नाला या अन्य जल स्रोत उपलब्ध होना भी जरूरी है।

ऑनलाइन आवेदन कैसे करें

पात्र किसान महापोकरा पोर्टल (dbt.mahapocra.gov.in) पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी कार्यालय, गड़चिरोली अथवा संबंधित तालुका कृषि अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुदान शासन के प्रचलित नियमों एवं शर्तों के अनुसार प्रदान किया जाएगा। जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी प्रीति हिरलकर ने जिले के पात्र किसानों से इस विशेष योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ करने और कृषि उत्पादन बढ़ाने की अपील की है।

रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.