लूट के इरादे से वारदात की आशंका,पुलिस ने शुरू की गहन जांच

गडचिरोली - जिले के टेकड़ा गांव में रविवार को हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। गांव की 75 वर्षीय वृद्ध महिला दुर्गक्का बापू आत्राम की अज्ञात हमलावरों ने घर के भीतर ही निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिलने से लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वृद्ध महिला घर में अकेली रहती थीं। रविवार सुबह काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। जब उन्होंने घर के भीतर जाकर देखा तो महिला का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में घर का सामान बिखरा हुआ मिला तथा परिजनों ने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब होने की जानकारी पुलिस को दी। इससे पुलिस हत्या के पीछे लूट की आशंका को प्रमुखता से जांच रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद टेकड़ा गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 

रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.