बैलबंडी पर निकली शिक्षा की अनोखी बारात,ढोल-ताशों की गूंज के बीच नवागत विद्यार्थियों का भव्य स्वागत
गडचिरोली - नए शैक्षणिक सत्र के पहले ही दिन अहेरी पंचायत समिति अंतर्गत स्थित जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय, पुसुकपल्ली में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का ऐसा भव्य स्वागत किया गया कि पूरा गांव उत्सव के रंग में रंग गया। शिक्षा के प्रति बच्चों में उत्साह और अभिभावकों में विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस अभिनव प्रवेशोत्सव ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आलापल्ली वन विभाग की उपवनसंरक्षक दीपाली आर. तलमले थीं। उन्होंने नवागत विद्यार्थियों का तिलक लगाकर,पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा शैक्षणिक सामग्री देकर आत्मीय स्वागत किया और बच्चों को नियमित शिक्षा, अनुशासन तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए मन लगाकर पढ़ाई करने का संदेश दिया। इसके बाद विद्यार्थियों को आकर्षक ढंग से सजी बैलबंडी पर बैठाकर पूरे गांव में ढोल-ताशों की गूंज के बीच भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बच्चों का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अनूठी पहल से गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यालय के इस अभिनव प्रवेशोत्सव ने नवागत विद्यार्थियों के मन से स्कूल का डर दूर कर उनमें आत्मविश्वास और अपनापन पैदा किया। बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी,वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विद्यालय की मुख्याध्यापिका रागीवार मैडम, सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रमोद भोयर, समिति के सदस्य, अभिभावक, ग्रामवासी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय के पहले दिन आयोजित यह अनोखा स्वागत समारोह पूरे पुसुकपल्ली गांव में चर्चा का विषय बना रहा और शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देने वाला प्रेरणादायी आयोजन साबित हुआ।
रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.