जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय नागेपल्ली में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण स्वागत

गड़चिरोली - जिले के अहेरी तहसील अंतर्गत स्थित जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय नागेपल्ली में मंगलवार को स्कूल प्रवेशोत्सव एवं स्कूल पूर्व तैयारी मेले का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का फूलों, तालियों की गड़गड़ाहट और हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री नानया आदे ने की,जबकि पंचायत समिति अहेरी की शिक्षा विस्तार अधिकारी कु. बी. व्ही. रामगीरवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य श्री मधुकरजी सोनुले, कैवल्य एजुकेशन फाउंडेशन के प्रतिनिधि अंकुश नागुलवार सहित गांव के प्रतिष्ठित नागरिक, शिक्षा प्रेमी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विद्यालय के मुख्याध्यापक श्री सुरेश दासरवार शिक्षक श्री बच्चू वड्डे तथा शिक्षिकाएं कु. सरिता शिंदे एवं कु. विजया नैताम ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन श्री बच्चू वड्डे ने किया, जबकि उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार प्रदर्शन कु. विजया नैताम द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विद्यालयी गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, चॉकलेट एवं बिस्किट वितरित किए गए। साथ ही विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन के साथ विशेष रूप से मिठाई भी परोसी गई, जिससे बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। इस आयोजन से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों में प्रसन्नता का वातावरण बना रहा तथा नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ।

रिपोर्टर - संजय यमसलवार 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.