नागेपल्ली के तीन गांवों में तत्काल फॉगिंग और पानी के स्रोतों के सैनिटाइजेशन की उठी मांग
गड़चिरोली - बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए अहेरी पंचायत समिति अंतर्गत नागेपल्ली ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक-5 में तत्काल फॉगिंग (दवा छिड़काव) और स्वच्छता अभियान चलाने की मांग तेज हो गई है। सामाजिक कार्यकर्ता राकेश कोसरे ने ग्राम पंचायत प्रशासन से पुसुकपल्ली, टेकमपल्ली और सन्ड्रा गांवों में युद्धस्तर पर रोकथाम संबंधी उपाय शुरू करने की अपील की है।
राकेश कोसरे ने बताया कि वार्ड क्रमांक-5 में शामिल इन तीनों गांवों में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी जमा हो गया है। इससे मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ने की आशंका है, जिसके चलते डेंगू, मलेरिया तथा अन्य संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी महामारी के फैलने का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को पहले से ही प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने मांग की कि तीनों गांवों में तत्काल दवा छिड़काव कराया जाए, जलभराव वाले स्थानों को साफ किया जाए तथा नालियों और गटरों की नियमित सफाई कर मच्छरों के प्रजनन स्थलों को पूरी तरह समाप्त किया जाए। उनका कहना है कि केवल फॉगिंग पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि जलनिकासी और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
कुओं और बोरवेल का हो सैनिटाइजेशन
राकेश कोसरे ने यह भी मांग की कि पावस के दौरान पेयजल स्रोत दूषित होने की आशंका को देखते हुए पुसुकपल्ली, टेकमपल्ली और सन्ड्रा गांवों के सभी कुओं और बोरवेल की जांच कर उनमें आवश्यकतानुसार ब्लीचिंग पाउडर डालकर पानी का सैनिटाइजेशन किया जाए। उनका कहना है कि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए नियमित निगरानी और स्वच्छता जरूरी है।
स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग
सामाजिक कार्यकर्ता राकेश कोसरे ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा यह अत्यंत गंभीर विषय है। यदि समय रहते फॉगिंग,स्वच्छता अभियान,जलभराव की सफाई और पेयजल स्रोतों का सैनिटाइजेशन किया जाता है,तो डेंगू,मलेरिया सहित कई संक्रामक बीमारियों के खतरे को काफी हद तक टाला जा सकता है। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि नागेपल्ली ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक-5 के अंतर्गत आने वाले पुसुकपल्ली,टेकमपल्ली और सन्ड्रा गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर तत्काल फॉगिंग कराई जाए,नालियों की सफाई सुनिश्चित की जाए तथा सभी कुओं और बोरवेल को सैनिटाइज कर नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.