माओवादी बनकर बैनर-पर्चे लगाकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
गढ़चिरौली - महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के एटापल्ली तहसील अंतर्गत पिपली बुर्गी पुलिस थाना क्षेत्र में माओवादी होने का झूठा आभास देकर बैनर और पर्चे लगाकर लोगों में दहशत फैलाने की साजिश रचने वाले दो आरोपियों को गढ़चिरौली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गढ़चिरौली पुलिस के अनुसार, जिले में लगातार चलाए गए 'ऑपरेशन अंतिम प्रहार' के बाद माओवादी गतिविधियों पर पूरी तरह विराम लग चुका है। पुलिस रिकॉर्ड में अब कोई सक्रिय माओवादी शेष नहीं है। ऐसे समय में कुछ असामाजिक तत्वों ने खुद को माओवादी बताकर नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करने का प्रयास किया।
जिजावंडी मार्ग पर मिले थे बैनर और पर्चे
12 जुलाई 2026 को पिपली बुर्गी पुलिस थाना क्षेत्र में जिजावंडी टोला की ओर जाने वाले मार्ग पर गांव के दिशासूचक बोर्ड के पास लाल रंग का कपड़े का बैनर तथा सफेद रंग के पर्चे बरामद किए गए। इन पर लिखा गया संदेश लोगों में भय और दहशत फैलाने वाला था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
तकनीकी जांच और खुफिया सूचना से हुआ खुलासा
पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में गठित विशेष जांच दल ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर मामले की जांच की। जांच में शिवा अनिल मिस्त्री (48 वर्ष, निवासी तरुणनगर,तहसील पाखांजूर,जिला कांकेर, छत्तीसगढ़) तथा रोहित रंजीत मलिक (25 वर्ष, निवासी वटेली, तहसील एटापल्ली, जिला गढ़चिरौली) की संलिप्तता सामने आई। दोनों ने माओवादी होने का भ्रम पैदा कर लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से बैनर और पर्चे लगाए थे।
इस मामले में पिपली बुर्गी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं, गैरकानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम (यूएपीए) तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अफवाहों से सावधान रहने की अपील
पुलिस अधीक्षक एम. रमेश ने इस कार्रवाई में शामिल अधिकारियों और पुलिस कर्मियों की सराहना की। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह, झूठे प्रचार या माओवादी नाम का दुरुपयोग करने वाले तत्वों के बहकावे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति समाज में भय और दहशत का माहौल बनाने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर - संजय यमसलवार
No Previous Comments found.