गढ़चिरौली पुलिस की बड़ी सफलता: 21 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद, असली मालिकों को लौटाए

गढ़चिरौली - पुलिस ने एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए गुम और चोरी हुए 21 मोबाइल फोन खोज निकालकर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद किए गए मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देशानुसार साइबर अपराध और मोबाइल चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए जिले के सभी पुलिस थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में गढ़चिरौली पुलिस थाना की साइबर जांच टीम ने आधुनिक तकनीक और तकनीकी विश्लेषण की सहायता से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोनों का पता लगाया।

पुलिस के अनुसार,मोबाइल फोन गुम या चोरी होने के बाद उसका दुरुपयोग कर साइबर अपराध किए जाने की आशंका रहती है। इसलिए शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। CEIR (Central Equipment Identity Register) प्रणाली तथा अन्य तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर विभिन्न स्थानों से कुल 21 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद 5 अगस्त 2026 को गढ़चिरौली पुलिस थाना परिसर में संबंधित मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने गढ़चिरौली पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक गढ़चिरौली पुलिस स्टेशन की साइबर टीम कुल 90 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस दिला चुकी है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो बिना देर किए CEIR.GOV.IN पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें तथा नजदीकी पुलिस थाना, उप-पुलिस थाना या साइबर पुलिस स्टेशन, गढ़चिरौली से तुरंत संपर्क करें। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी., सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरडे के मार्गदर्शन तथा गढ़चिरौली पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक विनोद चव्हाण के नेतृत्व में साइबर टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न की गई।

रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.