बोरी केंद्र अंतर्गत शिवनीपाठ स्कूल में दूसरी शिक्षा परिषद का आयोजन
अहेरी : शिक्षा प्रक्रिया में हो रहे आधुनिक बदलावों को समझने, शिक्षकों को नई तकनीक की जानकारी देने तथा उसका प्रभावी उपयोग कक्षा अध्यापन में कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से बोरी केंद्र अंतर्गत जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय, शिवनीपाठ में दूसरी शिक्षा परिषद का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्र प्रमुख श्रीकांत गिरीपुंजे ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी कुसराम, वरिष्ठ शिक्षक एवं मार्गदर्शक प्रकाश दुर्गे तथा प्रधानाध्यापक रवींद्र येमसलवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में केंद्र प्रमुख श्रीकांत गिरीपुंजे ने शिक्षा परिषद की आवश्यकता एवं उद्देश्य पर विस्तार से मार्गदर्शन किया। साथ ही परिषद से प्राप्त मार्गदर्शन का उपयोग विद्यार्थियों के लिए किस प्रकार किया जा सकता है, इसकी जानकारी दी। इसके बाद पिछली शिक्षा परिषद में लिए गए विभिन्न विषयों की समीक्षा, उनके मुख्य बिंदुओं तथा उनके अनुरूप प्रत्यक्ष रूप से किस प्रकार कार्य करना है, इस संबंध में वरिष्ठ शिक्षक प्रकाश दुर्गे ने मार्गदर्शन किया। इस शिक्षा परिषद में विभिन्न महत्वपूर्ण शैक्षणिक विषयों पर गहन चर्चा एवं मार्गदर्शन किया गया। इनमें प्रमुख रूप से— आनापान साधना एवं मूल्यवर्धन कार्यक्रम के 6 प्रभावी घटक।
निपुण महाराष्ट्र बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान कार्य कार्यक्रम तथा उसका क्रियान्वयन। शैक्षणिक विकास के लिए केंद्र का कार्ययोजना प्रारूप। छात्रवृत्ति एवं नवोदय प्रवेश परीक्षा कार्य कार्यक्रम तथा उसका क्रियान्वयन। शिक्षकों की सफलता की कहानियां। डॉ.जयंत नारळीकर गणित-विज्ञान अध्ययन समृद्धि कार्यक्रम की समीक्षा एवं आने वाली समस्याएं।
उपरोक्त सभी विषयों पर डॉ. शैलजा गोरेकर, कोटेश्वर पुण्यमुर्तीवार,परवेज पठाण,सुषमा खराबे,राजू नागरे तथा प्रधानाध्यापक रवींद्र येमसलवार ने विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका सुरेखा मेश्राम ने किया, जबकि उपस्थित लोगों का आभार शिक्षक मुक्तेश्वर वनकर ने माना। इस शिक्षा परिषद में बोरी केंद्र अंतर्गत आने वाले सभी निजी एवं जिला परिषद स्कूलों के कुल 45 शिक्षकों ने सहभाग लेकर परिषद का लाभ उठाया।
रिपोर्टर - प्रशांत नामनवार
No Previous Comments found.