भामरागड़ में बाढ़ का कहर: 525 नागरिकों को सुरक्षित स्थलों पर पहुंचाया गया
गड़चिरोली - छत्तीसगढ़ में हुई भारी बारिश के चलते गड़चिरोली जिले के भामरागड़ क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। बाढ़ के बढ़ते पानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए 525 नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। यह अभियान शुक्रवार दोपहर से देर रात तक जारी रहा। शनिवार सुबह पानी का स्तर कम होने लगा है, जिससे क्षेत्र में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है।
बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होते ही जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा के मार्गदर्शन में तथा तहसीलदार किशोर बागडे के नेतृत्व में स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया। नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बाढ़ प्रभावित एवं निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बीमार छात्रा को एनडीआरएफ की मदद से अस्पताल पहुंचाया
इसी दौरान बिनागोंडा आश्रमशाला में अध्ययनरत एक बीमार छात्रा को उपचार की आवश्यकता होने पर एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की सहायता से सुरक्षित रूप से गुंडेनूर नाला पार कराया गया। इसके बाद छात्रा को उपचार के लिए लाहेरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की अपील
क्षेत्र में पानी का स्तर कम होने के बावजूद नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों को प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने तथा बाढ़ के पानी से होकर अथवा पानी बह रहे मार्गों पर आवागमन नहीं करने का आग्रह किया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रखा गया है।
रिपोर्टर - संजय यमसलवार

No Previous Comments found.