गुड़ की शराब, देशी-विदेशी शराब और प्लास्टिक सामग्री नष्ट

गड़चिरोली - भामरागढ़ तहसील के अति दुर्गम क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले मरमपल्ली गांव में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ मुक्तिपथ अभियान तथा शक्तिपथ महिला संगठन की पहल पर अहिंसक कार्रवाई की गई। इस दौरान ग्रामीणों ने अवैध शराब विक्रेताओं के घरों तक पहुंचकर जनजागृति की और शराबबंदी के लिए सामूहिक प्रयास किए। कार्रवाई के दौरान कुल 3,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही लगभग 30 किलो गुड़, 10 लीटर शराब तथा करीब 100 लीटर गुड़ का सड़वा नष्ट किया गया। शराब बिक्री में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक सामग्री भी एकत्र कर नष्ट की गई।

ग्रामसभा में शराब और तंबाकू बिक्री पर प्रतिबंध का प्रस्ताव

मरमपल्ली में आयोजित ग्रामसभा में गांव को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध शराब और तंबाकूजन्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। ग्रामसभा में तय नियमों के अनुसार अवैध शराब बेचने वालों पर 20,000 रुपये तथा तंबाकूजन्य पदार्थ बेचने वालों पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। ग्रामसभा के निर्णय के बाद ग्रामीणों ने अवैध शराब की बिक्री और निर्माण में शामिल होने के संदेह वाले घरों का दौरा किया। इस दौरान शराब और गुड़ से तैयार किए जाने वाले कच्चे नशीले पदार्थों को जब्त कर नष्ट किया गया। संबंधित विक्रेताओं को शराबबंदी के नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई।

मुक्तिपथ और शक्तिपथ महिला संगठन की संयुक्त पहल

इस अहिंसक कार्रवाई में मुक्तिपथ गांव संगठन, शक्तिपथ महिला संगठन, ग्राम पंचायत सदस्य, कोषाध्यक्ष तथा महिला बचत समूहों की सक्रिय सदस्यों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। ग्रामीणों ने शराब बिक्री करने वाले घरों तक पहुंचकर समझाइश दी और गांव में शराब की उपलब्धता बंद करने के लिए सामूहिक प्रयास किए। इस अभियान में मुक्तिपथ की तालुका संगठक नीला किन्नाके तथा तालुका प्रेरक रुपेश आत्राम ने मार्गदर्शन किया। उनके नेतृत्व में ग्रामीणों को अवैध शराब के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई तथा गांव में नशामुक्त वातावरण बनाने का आह्वान किया गया।

गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प

ग्रामसभा में अवैध शराब विक्रेताओं की सूची तैयार करने और पारित प्रस्तावों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए नई मुक्तिपथ गांव संगठन का गठन भी किया गया। ग्रामीणों ने शराब के कारण परिवारों और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को रोकने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच विश्वनाथ तोडसाम, गांव संगठन के अध्यक्ष सडमेक, उपाध्यक्ष वच्छलाबाई पोरतेट, सचिव करण मडावी, मुक्तिपथ तालुका संगठक नीला किनाके, तालुका प्रेरक रुपेश आत्राम सहित स्थानीय शिक्षक, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मारोती कोलावार
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.