आसरेल्ली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विजयादशमी एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम संपन्न

गडचिरोली : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, शाखा आसरेल्ली की ओर से वीर हनुमान मंदिर, आसरेल्ली में विजयादशमी उत्सव एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता के रूप में अहेरी जिला के जिला शारीरिक प्रमुख श्री भुषणजी तुमपल्लीवार तथा प्रमुख अतिथि के रूप में लक्ष्मी रिपब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल, आसरेल्ली के मुख्याध्यापक श्री रमेश कारकरी उपस्थित थे।

भारत माता के पूजन एवं शस्त्र पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र का पूजन तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक एवं प्रथम सरसंघचालक पूजनीय डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और द्वितीय सरसंघचालक पूजनीय श्री माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर (गुरुजी) के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित मान्यवरों द्वारा शस्त्र पूजन किया गया।

पंच परिवर्तन से समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश

प्रमुख वक्ता श्री भुषणजी तुमपल्लिवार ने अपने मार्गदर्शन में ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने, सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भावना तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने आचरण और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

अखंड भारत के लिए हिंदुओं का संगठित होना आवश्यक

प्रमुख अतिथि श्री रमेश कारकरी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की अखंडता, एकता और सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने के लिए हिंदू समाज का संगठित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समाज में एकता, आपसी सहयोग और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं नागरिकों की उपस्थिति

इस अवसर पर गांव के प्रतिष्ठित एवं वरिष्ठ नागरिकों, मातृशक्ति तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पण की भावना के साथ हुआ।

रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.