बंद पड़ा काम तत्काल शुरू करने की मांग, अन्यथा लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन की चेतावनी
गडचिरोली - सिरोंचा तहसील अंतर्गत अंकिसा गांव से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 63 (NH-63) पर डामरीकरण का काम अचानक बंद होने से नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले करीब एक महीने से निर्माण कार्य ठप होने के कारण नाराज नागरिकों की ओर से सुरज शंकरमहाराज दुदी ने तहसीलदार,सिरोंचा के मार्फत जिलाधिकारी, गडचिरोली को निवेदन सौंपकर बंद पड़े काम को तत्काल शुरू करने की मांग की है।
अधूरे सड़क निर्माण से बढ़ी परेशानी
अंकिसा में राष्ट्रीय महामार्ग के डामरीकरण का काम कुछ दिन पहले शुरू किया गया था। लेकिन अचानक निर्माण कार्य बंद कर दिए जाने से सड़क अधूरी अवस्था में पड़ी है। इसके चलते वाहन चालकों, स्थानीय नागरिकों और इस मार्ग से आवागमन करने वाले यात्रियों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अधूरी सड़क के कारण यातायात में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। नागरिकों का कहना है कि राष्ट्रीय महामार्ग जैसे महत्वपूर्ण सड़क का काम इस तरह अधूरा छोड़ना गंभीर लापरवाही का विषय है।
अधिकारियों से संपर्क के बावजूद नहीं मिला स्पष्ट जवाब
निवेदन में आरोप लगाया गया है कि इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित कार्यकारी अभियंता और कनिष्ठ अभियंता से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। शुरुआत में कुछ दिनों के भीतर काम दोबारा शुरू करने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, इसके बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा फोन का जवाब नहीं दिया जा रहा है और निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति के बारे में भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। नागरिकों ने यह भी बताया कि संबंधित ठेकेदार फिलहाल निर्माण स्थल पर उपलब्ध नहीं है, जिससे काम दोबारा शुरू होने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
जिलाधिकारी के समक्ष रखीं पांच प्रमुख मांगें
सुरज शंकरमहाराज दुदी ने जिलाधिकारी, गडचिरोली को तहसीलदार, सिरोंचा के माध्यम से निवेदन सौंपकर निम्नलिखित मांगें की हैं—
1. अंकिसा में राष्ट्रीय महामार्ग का डामरीकरण किस कारण बंद किया गया, इसकी जांच की जाए।
2. संबंधित कार्यकारी अभियंता, कनिष्ठ अभियंता और ठेकेदार से काम में देरी को लेकर लिखित स्पष्टीकरण मांगा जाए।
3. बंद पड़े डामरीकरण का काम तत्काल शुरू कर निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
4. निर्माण कार्य पूर्ण होने तक नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
5. निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा कर नागरिकों को उसकी वर्तमान स्थिति की स्पष्ट जानकारी दी जाए।
समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
निवेदन में कहा गया है कि राष्ट्रीय महामार्ग जैसे महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य को अधूरा छोड़ना गंभीर मामला है। विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना संबंधित विभाग एवं ठेकेदार की जिम्मेदारी है।निवेदनकर्ता ने स्पष्ट किया कि नागरिकों का उद्देश्य किसी अधिकारी या ठेकेदार पर व्यक्तिगत आरोप लगाना नहीं, बल्कि आम जनता को हो रही परेशानी दूर करना और सार्वजनिक विकास कार्य समय पर पूरा करवाना है।
प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
नागरिकों ने जिला प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित राष्ट्रीय महामार्ग विभाग को तत्काल आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। साथ ही अंकिसा में बंद पड़े डामरीकरण का काम जल्द शुरू कर उसे पूर्ण करने की अपेक्षा जताई है। यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो नागरिकों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने का विकल्प अपनाना पड़ेगा, ऐसी चेतावनी भी निवेदन के माध्यम से दी गई है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है और अंकिसा के नागरिकों को अधूरी सड़क की परेशानी से कब राहत मिलती है।
रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम

No Previous Comments found.