देवउठनी एकादशी पर सिरोंचा में गौड़ कलार समाज की नई पहचान का शंखनाद।

गडचिरोली - देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर सिरोंचा में गौड़ कलार समाज की एकता और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक नई शुरुआत हुई। शनिवार को श्री रेणुका माता येल्लम्मा मंदिर में चंद्रपुर-गड़चिरोली जिला गौड़ कलार समाज सेवा मंडल के तत्वावधान में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में सिरोंचा तालुका गौड़ कलार समाज संगठन का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर चंद्रपुर, गड़चिरोली और भोपालपटनम क्षेत्र से पहुंचे समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने एक मंच पर आकर समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

एक मंच पर जुटे समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक

बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना, आपसी एकता को मजबूत बनाना, युवाओं को संगठन से जोड़ना तथा शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और भावी पीढ़ी के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करना रहा। कार्यक्रम में पूर्व पंचायत समिति सभापति सिरोंचा कोंड्रा विश्वेश्वर राव, जय गौड़ उद्यम महाराष्ट्र के युवा प्रदेश अध्यक्ष कोंड्रा भारत गौड़, विदर्भ गौड़ कलार समाज सेवा मंडल के अध्यक्ष नारायण गौड़ सिलेवार, चंद्रपुर-गड़चिरोली जिला गौड़ कलार समाज सेवा मंडल के अध्यक्ष विठ्ठल गौड़, स्वामी गौड़ येरोलवार, बकैय्या गौड़ बालमितवार, नरसिंग गौड़ गणवेनवार, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष रविन्द्र वासेकर, रंग बापन्ना, सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार रमेश मंडावर, मार्गोनी व्यंकटेश्वर, के. वेंकट स्वामी, अरिगेला दामोदर, रंगू विजय, वेमुला किरण, सत्यम गौड़ वेमुला एवं दूधी रमेश सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।भोपालपटनम से पूर्व जनपद उपाध्यक्ष टी. बसंत, टी. बापू एवं अरिगेला तिरुपति ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

संगठन निर्माण के लिए इन समाज बंधुओं का रहा विशेष योगदान

सिरोंचा तालुका में गौड़ कलार समाज का मजबूत संगठन स्थापित करने के उद्देश्य से लंबे समय से प्रयासरत नागेश अरिगेला, भोंगोणी स्वामी, के. सागर, मंडा श्रीनिवास, विजय बोंगोनी, रवि बोंगोनी, रंगू राजू एवं लग्गवार सहित अनेक समाज बंधुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समाज के लोगों को एक मंच पर लाने, संगठन निर्माण की पहल को सफल बनाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए सभी ने अपना सहयोग एवं समर्थन प्रदान किया।

नारायण गौड़ सिलेवार का प्रेरणादायी संबोधन बना कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण

विदर्भ गौड़ कलार समाज सेवा मंडल के अध्यक्ष नारायण गौड़ सिलेवार ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में समाज की एकता और संगठन की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रत्येक परिवार का संगठन से जुड़ना आवश्यक है। व्यक्तिगत प्रयासों से समाज का संपूर्ण विकास संभव नहीं है। इसके लिए सामूहिक सहभागिता, आपसी सहयोग और संगठन के प्रति समर्पण की भावना जरूरी है। उन्होंने युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के प्रत्येक परिवार से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उनके संबोधन से उपस्थित समाज बंधुओं में नया उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।

शिक्षा और युवा पीढ़ी के विकास को मिलेगी प्राथमिकता

बैठक में उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकता, शिक्षा और मजबूत संगठन में निहित होती है। समाज के प्रत्येक परिवार को संगठन से जोड़ना, युवाओं को नेतृत्व के अवसर देना, शैक्षणिक विकास को प्रोत्साहित करना तथा सामाजिक जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। वक्ताओं ने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने और आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की।

आयोजन समिति का सराहनीय योगदान, सूरज दूधीवार ने किया संचालन

इस महत्वपूर्ण बैठक को सफल बनाने में शंकर मार्गोनी, गट्टू सीतापति, प्रणीत, शैलेंद्र, दूधी सूरज एवं साई मार्गोनी सहित आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं सुव्यवस्थित संचालन युवा सूरज दूधीवार ने किया। अंत में के. भारत गौड़ ने सभी अतिथियों, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं समाज बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया और समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

सामाजिक एकता के नए अध्याय की शुरुआत

देवउठनी एकादशी के शुभ अवसर पर सिरोंचा तालुका गौड़ कलार समाज संगठन का गठन क्षेत्र में सामाजिक एकता, संगठनात्मक मजबूती और सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस पहल से समाज के लोगों को एक साझा मंच मिलने के साथ ही भविष्य में सामाजिक, शैक्षणिक और जनहित के कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। एकता ही समाज की शक्ति है, संगठन ही समाज की पहचान है। समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का संकल्प ही इस आयोजन का सबसे बड़ा संदेश रहा।

संवाददाता - चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.