20 दिसंबर को 24 नगरपरिषदों में मतदान; राज्य निर्वाचन आयोग का संशोधित कार्यक्रम जारी
गडचिरोली - महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने 24 नगरपरिषदों एवं नगरपंचायतों के चुनावों की नई तिथि घोषित कर दी है। अब इन निकायों के लिए मतदान 20 दिसंबर 2025 को होगा, जबकि मतगणना 21 दिसंबर को संपन्न होगी। पहले 5 दिसंबर को मतदान प्रस्तावित था, परंतु उच्च न्यायालय के अंतरिम आदेशों, अपील प्रक्रियाओं और नामांकन जांच में आए परिवर्तनों के कारण आयोग को कार्यक्रम संशोधित करना पड़ा। आयोग के अनुसार कई नगरपरिषदों में उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की छानबीन, अपीलों के निस्तारण और अंतिम उम्मीदवार सूची तैयार करने में देरी हुई। विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने तथा सभी पक्षों को न्याय देने के उद्देश्य से नई समयसारणी घोषित की गई है।
नई तिथियों के अनुसार चुनावी कार्य इस प्रकार होंगे— मतदान: 20 दिसंबर, सुबह 9:30 से शाम 4:30 बजे तक मतगणना: 21 दिसंबर, सुबह 10 बजे से चुनाव कार्यक्रम का यह संशोधन कोल्हापुर, नागपुर, चंद्रपुर, बीड, सोलापुर, नांदेड, लातूर सहित कई जिलों पर लागू होगा। आयोग ने मतदाताओं, उम्मीदवारों और प्रशासन से अपील की है कि वे नए कार्यक्रम के अनुसार तैयारी करें और शांतिपूर्ण, पारदर्शी चुनाव में सहयोग दें।
रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम

No Previous Comments found.