क्या सच में नए घर में शिफ्ट होंगे सलमान खान? सामने आया पूरा सच
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट छोड़ने को लेकर हाल ही में चल रही अटकलों पर अब नई जानकारी सामने आई है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अभिनेता जल्द ही अपने परिवार के साथ इस पुराने घर को छोड़कर बांद्रा में बने एक नए सी-फेसिंग बंगले में शिफ्ट होने वाले हैं।
हालांकि, ताज़ा सूत्रों के अनुसार इन खबरों में पूरी सच्चाई नहीं है। बताया जा रहा है कि यह प्रॉपर्टी खान परिवार के पास पिछले कई वर्षों से है और इसे हाल ही में नहीं खरीदा गया है। दरअसल, अब इस संपत्ति के पुनर्विकास (री-डेवलपमेंट) की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, जिसे लेकर महाराष्ट्र कोस्टल ज़ोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) ने भी प्रस्ताव को लेकर सिफारिश की है।
यह संपत्ति CRZ-II ज़ोन के अंतर्गत आती है, इसलिए मौजूदा नियमों के तहत इसके पुनर्निर्माण की अनुमति संभव है। हालांकि, अधिकारियों ने मालिकाना हक से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी मांगे थे, जिसके बाद ही आगे की प्रक्रिया को मंजूरी की दिशा में बढ़ाया गया।
रिपोर्ट्स में भले ही यह कहा जा रहा था कि निर्माण पूरा होने के बाद सलमान अपने परिवार के साथ नए घर में शिफ्ट होंगे, लेकिन सूत्रों ने इस बात से इनकार किया है। फिलहाल न तो शिफ्टिंग की कोई आधिकारिक पुष्टि हुई है और न ही यह स्पष्ट है कि निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा।
गौरतलब है कि गैलेक्सी अपार्टमेंट, बांद्रा सलमान खान का वर्षों से घर रहा है, जहां वे अपने परिवार के साथ रहते आए हैं। जन्मदिन और ईद जैसे मौकों पर यहां बड़ी संख्या में प्रशंसक उन्हें देखने के लिए जुटते हैं, जिससे यह जगह उनके फैंस के लिए भी भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई मानी जाती है।
No Previous Comments found.