भारत की धरती पर आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है : उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी

गांधीनगर : उप मुख्यमंत्री  हर्ष संघवी ने मंगलवार को गिफ्ट सिटी गांधीनगर से वर्ष-2008 के अहमदाबाद सीरियल बम ब्लास्ट मामले में गुजरात हाईकोर्ट द्वारा दिए गए फैसले का स्वागत किया। उन्होंने इस दिन को देश के इतिहास का अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक दिन कहा। उप मुख्यमंत्री श्री हर्ष संघवी ने कहा कि यह फैसला केवल अहमदाबाद या गुजरात के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया के सभी शांतिप्रिय देशों के लिए आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक बहुत बड़ा और मजबूत संदेश है।
उप मुख्यमंत्री  हर्ष संघवी ने आगे कहा कि 26 जुलाई 2008 को अहमदाबाद में हुए सीरियल ब्लास्ट में अनेक निर्दोष नागरिकों ने अपनी जान गंवाई थी। आज उन सभी निर्दोष आत्माओं, उनके परिवारों और नागरिकों को सच्चा न्याय मिला है। माननीय गुजरात हाईकोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखते हुए 38 आतंकवादियों को फांसी की सजा और 11 आतंकवादियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है, जो भारतीय न्यायपालिका के इतिहास का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक फैसला है।
 संघवी ने गुजरात के सभी नागरिकों की ओर से  हाईकोर्ट, निचली अदालत तथा पूरी जांच टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने जोड़ा कि यह मजबूत न्याय दिलाने के पीछे जांच टीम ने वर्षों तक बिना किसी कानूनी त्रुटि या समझौते के दिन-रात मेहनत कर जो सराहनीय कार्य किया है, वह वास्तव में प्रशंसा के योग्य है। यह फैसला स्पष्ट रूप से साबित करता है कि भारत की धरती पर आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है।
उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि फैसले के तहत इस ब्लास्ट में जान गंवाने वाले निर्दोष मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए की सहायता तथा जो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे उन्हें 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का जो आदेश हाईकोर्ट द्वारा दिया गया है, उसे मुख्यमंत्री  भूपेंद्र पटेल की सरकार संवेदनशीलता के साथ तत्काल प्रभाव से लागू कर भुगतान करेगी।  उन्होंने आगे कहा कि यह सरकार पीड़ित परिवारों के साथ हमेशा मजबूती से खड़ी है ।

 रिपोर्टर : राकेश शाह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.