गंगा एक्सप्रेस-वे पर फिर धंसी सड़क, 7 फीट गहरा गड्ढा; मचा हड़कंप
गंगा एक्सप्रेस-वे पर सड़क धंसने का एक और मामला सामने आया है। उन्नाव में बसीरतगंज टोल के पास प्रयागराज जाने वाले मार्ग पर सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे करीब 7 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले वाहनों के लिए खतरा पैदा हो गया। सड़क धंसने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सड़क किलोमीटर 423.6 के पास उन्नाव रेस्ट एरिया के नजदीक यह घटना हुई। सूचना मिलते ही कार्यदायी संस्था की टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर वाहनों को दूसरी लेन से डायवर्ट किया गया। इसके बाद धंसे हुए हिस्से की मरम्मत का काम शुरू किया गया।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब इससे पहले भी गंगा एक्सप्रेस-वे पर सड़क धंसने की घटना सामने आ चुकी है। पिछली घटना में सड़क धंसने से करीब 10 फीट गहरा गड्ढा बनने की जानकारी सामने आई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद एक्सप्रेस-वे की निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
कार्यदायी एजेंसी पटेल इंफ्रास्ट्रक्चर के मैनेजर आरएस मिश्रा ने बताया कि भारी बारिश के कारण टोल के पास सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर गड्ढे को भर दिया और सड़क को दुरुस्त कर यातायात सुचारु कर दिया गया।
आरएस मिश्रा के मुताबिक, टोल के पास हाईटेंशन टावर की बिजली लाइन गुजर रही है। नियमानुसार बिजली के तार और सड़क के बीच करीब 14 मीटर की सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है। इसी तकनीकी बाध्यता के कारण टोल प्लाजा को इससे अधिक ऊंचाई पर बनाना संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि सामान्य परिस्थितियों में इस स्थान पर जलभराव की आशंका नहीं थी, लेकिन इस बार असामान्य रूप से हुई भारी बारिश के कारण पानी जमा हो गया। इसके चलते सड़क के एक हिस्से में गड्ढा बन गया।
एजेंसी के मैनेजर ने बताया कि सड़क को फिलहाल यातायात के लिए सुरक्षित बना दिया गया है। भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो, इसके लिए टोल के किनारे सुरक्षात्मक दीवार बनाने की योजना है। इसके जरिए जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल सड़क की मरम्मत के बाद यातायात सामान्य हो गया है। हालांकि, गंगा एक्सप्रेस-वे पर लगातार सामने आ रही सड़क धंसने की घटनाओं ने निर्माण गुणवत्ता, जल निकासी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
No Previous Comments found.