एक पत्ती से उगाएं ये 5 पौधे! जानें आसान Leaf Propagation तरीका
घर को हरा-भरा और खूबसूरत बनाने का शौक तो बहुत लोगों को होता है, लेकिन हर बार नया पौधा खरीदना बजट बिगाड़ सकता है। नर्सरी में मिलने वाले पौधों की कीमत कई बार इतनी ज्यादा होती है कि लोग पौधे खरीदने से पहले कई बार सोचने लगते हैं। अगर आपका बजट भी पौधे खरीदने की वजह से प्रभावित होता है, तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। हम आपको कुछ ऐसे पौधों के बारे में बताएंगे, जिन्हें डंठल या बीज से नहीं, बल्कि सिर्फ एक पत्ती की मदद से उगाने की कोशिश की जा सकती है। जी हां, क्या आप जानते हैं कि घर में मौजूद किसी पौधे की एक हेल्दी पत्ती भी नए पौधे की शुरुआत बन सकती है? कुछ पौधों को बीज या तने की कटिंग के बजाय पत्ती से तैयार किया जा सकता है। इस तरीके को लीफ प्रोपेगेशन (Leaf Propagation) कहा जाता है।
अगर आप बिना ज्यादा पैसे खर्च किए घर में पौधों की संख्या बढ़ाना चाहते हैं, तो यह तरीका आपके लिए काफी उपयोगी हो सकता है। हालांकि, हर पौधे की पत्ती से नया पौधा तैयार नहीं किया जा सकता और इसके लिए सही नमी, मिट्टी और रोशनी का ध्यान रखना जरूरी होता है। आइए जानते हैं ऐसे 5 पौधों के बारे में जिन्हें पत्ती से उगाने की कोशिश की जा सकती है।
1. जेड प्लांट:
जेड प्लांट को बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती। इसकी मोटी पत्तियों में पानी जमा रहता है, यही वजह है कि इसे कम पानी में भी संभालना आसान होता है। इसकी स्वस्थ पत्ती से नए पौधे की शुरुआत की जा सकती है। इसके लिए जेड प्लांट की एक हेल्दी पत्ती लें और उसे सीधे मिट्टी में लगाने के बजाय करीब 1-2 दिन तक सूखने दें। इसके बाद पत्ती को हल्की नम मिट्टी के ऊपर रख दें। कुछ समय बाद पत्ती से जड़ें निकलनी शुरू हो सकती हैं। आमतौर पर जड़ें बनने में करीब 2 से 4 हफ्ते लग सकते हैं। जब जड़ें अच्छी तरह विकसित हो जाएं, तब इसे गमले में लगाया जा सकता है।
2. स्नेक प्लांट:
स्नेक प्लांट ज्यादातर घरों में आसानी से देखने को मिल जाता है। इसकी खासियत यह है कि इसे सिर्फ पूरी पत्ती से ही नहीं, बल्कि पत्ती के छोटे-छोटे टुकड़ों से भी तैयार करने की कोशिश की जा सकती है। इसके लिए एक हेल्दी पत्ती लें और उसे करीब 3-3 इंच के टुकड़ों में काट लें। इन टुकड़ों को पानी में आधा डुबोकर रखा जा सकता है। इसके अलावा इन्हें कोकोपीट और परलाइट के मिश्रण में भी लगाया जा सकता है। कुछ हफ्तों में इनमें जड़ें बननी शुरू हो सकती हैं। जब जड़ें विकसित हो जाएं, तो इन्हें गमले की मिट्टी में ट्रांसफर किया जा सकता है।
3. बेगोनिया:
अगर आपको फूलों वाले पौधे पसंद हैं, तो बेगोनिया आपके घर के लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इसकी कुछ किस्मों को पत्ती की मदद से भी बढ़ाया जा सकता है। इसके लिए एक हेल्दी पत्ती लें और उसे उपयुक्त हिस्सों में काट लें। अब इसे नम मिट्टी या कोकोपीट के ऊपर रखें। ध्यान रखें कि मिट्टी में पानी जमा न हो, क्योंकि ज्यादा पानी से पत्ती खराब हो सकती है। सही नमी मिलने पर कुछ हफ्तों में जड़ें विकसित हो सकती हैं। जब जड़ें बढ़ने लगें और नई पत्तियां दिखाई देने लगें, तब इसे अलग गमले में लगाया जा सकता है।
4. पोर्टुलाका:
रंग-बिरंगे फूलों वाला पोर्टुलाका कम देखभाल में भी अच्छी तरह बढ़ने वाला पौधा है। इसे भी पत्ती या पौधे के हिस्से की मदद से तैयार करने की कोशिश की जा सकती है इसके लिए एक हेल्दी पत्ती लें और उसे ऐसी मिट्टी में रखें, जिसमें पानी आसानी से निकल सके। जब आप पोर्टुलाका की पत्ती को मिट्टी में लगाएं, तो ग्रोइंग मीडियम हल्का नम होना चाहिए। पत्ती को पूरी तरह मिट्टी के अंदर दबाने की जरूरत नहीं होती। सही परिस्थितियों में करीब 7 से 14 दिनों में जड़ें निकलना शुरू हो सकती हैं। इसके बाद पौधे को थोड़ा समय दें, ताकि वह मजबूत हो सके। आमतौर पर 3 से 4 हफ्तों में इसमें नई ग्रोथ दिखाई देना शुरू हो सकती है।
5. गैस्टेरिया:
गैस्टेरिया देखने में काफी खूबसूरत सजावटी पौधा है। इसे बालकनी से लेकर घर के अंदर तक रखा जा सकता है। इसकी देखभाल भी बहुत ज्यादा मुश्किल नहीं होती, इसलिए यह पौधों के शौकीनों के बीच पसंद किया जाता है। इसे पत्ती से उगाने के लिए पहले एक स्वस्थ पत्ती लें और उसे करीब 1-2 दिन तक सूखने दें। इसके बाद इसे कोकोपीट और परलाइट जैसे हल्के ग्रोइंग मीडियम के ऊपर रखें। पत्ती को पूरी तरह मिट्टी में दबाने से बचें। सही परिस्थितियों में करीब 3 से 6 हफ्तों में जड़ें निकल सकती हैं। जब जड़ें करीब 2-3 इंच तक बढ़ जाएं और नई पत्तियां दिखाई देने लगें, तब इसे गमले में ट्रांसफर किया जा सकता है।
पत्ती से पौधा उगाते समय इन बातों का रखें ध्यान
पत्ती से पौधा तैयार करने में सबसे जरूरी चीज धैर्य और नमी का सही संतुलन है। पत्ती को ऐसे ग्रोइंग मीडियम में रखें, जिसमें पानी जमा न हो और अतिरिक्त पानी आसानी से बाहर निकल सके। जरूरत से ज्यादा पानी देने पर पत्ती के सड़ने का खतरा रहता है। वहीं, पौधे को बहुत तेज धूप में रखने से भी नई ग्रोथ प्रभावित हो सकती है। इसलिए पत्ती से पौधा तैयार करते समय हल्की रोशनी, उचित नमी और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी का ध्यान रखें। साथ ही, यह भी याद रखें कि हर पत्ती सफलतापूर्वक नया पौधा बनाए, यह जरूरी नहीं है। सही पौधे की स्वस्थ पत्ती और उचित देखभाल से इसकी संभावना बढ़ाई जा सकती है।

No Previous Comments found.