विशेष पिछड़ी जनजाति कमार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कमार पारा में आंगनबाड़ी केंद्र खोलने की मांग तेज
गरियाबंद : ग्राम पंचायत पाटसिवनी के सरपंच चम्पेश्वर ध्रुव एवं उप सरपंच रूप नारायण माण्डले द्वारा कमार पारा में नवीन आंगनबाड़ी केंद्र की स्वीकृति हेतु लगातार संबंधित विभागों के कार्यालयों में संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।कमार पारा में विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) कमार समुदाय के बच्चों के लिए संचालित प्राथमिक शाला अपनी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण के कारण जिले में एक उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में पहचान बना रहा है। ग्राम पंचायत का उद्देश्य है कि इस विद्यालय की सफलता की नींव और मजबूत हो।वर्तमान में कमार पारा के लगभग 15 बच्चे आंगनबाड़ी की सुविधा नहीं होने तथा निकटतम केंद्र लगभग 2 किलोमीटर दूर होने के कारण प्रारंभिक शिक्षा से वंचित हैं। दूरी अधिक होने से छोटे बच्चों एवं उनकी माताओं को नियमित रूप से आना-जाना कठिन होता है। परिणामस्वरूप कई बच्चों का सीधे प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश हो जाता है, जिससे उन्हें प्रारंभिक सीखने, भाषा विकास, सामाजिक व्यवहार तथा विद्यालयी वातावरण के अनुरूप स्वयं को तैयार करने में कठिनाई होती है।सरपंच चम्पेश्वर ध्रुव ने कहा कि यदि कमार पारा में आंगनबाड़ी केंद्र प्रारंभ हो जाता है, तो बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएँ उनके गांव में ही उपलब्ध होंगी। इससे प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश लेने वाले बच्चे बेहतर तैयारी के साथ अपनी शिक्षा शुरू कर सकेंगे और उनकी सीखने की क्षमता में सकारात्मक सुधार होगा।
उप सरपंच रूप नारायण माण्डले ने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आंगनबाड़ी केंद्र की स्थापना अत्यंत आवश्यक है। यह कदम बच्चों के समग्र विकास, कुपोषण की रोकथाम और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मजबूत नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।ग्राम पंचायत पाटसिवनी ने महिला एवं बाल विकास विभाग एवं जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि जनहित एवं कमार जनजाति बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कमार पारा में शीघ्र नवीन आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत किया जाए, ताकि विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय के बच्चों को जीवन की शुरुआत से ही शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं का समुचित लाभ मिल सके।
रिपोर्टर : मनोज गोस्वामी
No Previous Comments found.