ग्राम पाटसिवनी में लावारिस मवेशियों से किसान परेशान, ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से लिया निर्णय

गरियाबंद/छुरा/पाटसिवनी : जिला गरियाबंद से जनपद पंचायत छुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत पाटसिवनी में किसानों ने लावारिस गौवंश की बढ़ती समस्या को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में ग्राम एवं आसपास के क्षेत्र में लगभग 100 से 130 लावारिस गाय एवं बैल खुले में घूम रहे हैं, जो किसानों की खेतों में तैयार खड़ी फसलों को लगातार नुकसान पहुँचा रहे हैं। इससे किसानों में भारी चिंता और आक्रोश है।बैठक में उपस्थित किसानों एवं ग्रामीणों ने कहा कि यदि कोई गौ रक्षक, गौ सेवक, गौशाला संचालक या संबंधित संस्था एवं कोई व्यक्ति, इन लावारिस मवेशियों के संरक्षण एवं उचित प्रबंधन की जिम्मेदारी लेना चाहती है, तो वह शीघ्र ग्राम पाटसिवनी से संपर्क कर सकती है।ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामवासी कानून के दायरे में रहकर प्रशासन के सहयोग से अपने स्तर पर उचित व्यवस्था बनाने के लिए बाध्य होंगे। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि ग्राम में किसानों की समस्या के समाधान हेतु लिए गए निर्णय में किसी भी बाहरी संगठन द्वारा अनावश्यक हस्तक्षेप उचित नहीं होगा। सभी पक्षों से शांति बनाए रखते हुए प्रशासनिक प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की गई।

बैठक में सरपंच चम्पेश्वर ध्रुव, उप सरपंच रूप नारायण माण्डले, पंच पुराणिक दूबे, पंच तिजराम कंवर, ग्रामीण अध्यक्ष कार्तिक दीवान, ग्रामीण उपाध्यक्ष मोहन दीवान, कोषाध्यक्ष दशरथ ध्रुव, संरक्षक लछन ध्रुव, धनाऊ माण्डले, देव नारायण साहू, रोहित खड़िया, गोपाल विश्वकर्मा, दीपक, सरवन, चैतराम, हेम कुमार, प्रदीप सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित ग्रामीणों ने प्रशासन से लावारिस मवेशियों के स्थायी एवं त्वरित समाधान की मांग की, ताकि किसानों की मेहनत और उनकी फसल सुरक्षित रह सके।

रिपोर्टर : मनोज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.