पनटोरा नाला में अचानक जलस्तर बढ़ने से नाला उफान पर
गरियाबंद : जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार को पैंटोरा नाला में अचानक जलस्तर बढ़ने से नाला उफान पर आ गया, जिसके चलते प्रशासन ने एहतियात के तौर पर छोटे वाहनों की आवाजाही रोक दी। तेज बहाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक आवागमन नहीं करने तथा उफनते नालों को पार करने से बचने की अपील की है।
बारिश के बीच सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पैंटोरा छात्रावास के विद्यार्थियों को बारूका स्थित छात्रावास में सुरक्षित शिफ्ट कराया गया। प्रशासन का कहना है कि यह कदम किसी भी संभावित खतरे से बच्चों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पैंटोरा हॉस्टल के सभी विद्यार्थियों को बारूका हॉस्टल भेज दिया गया है। साथ ही छात्रावास का आधा सामान भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है, जबकि शेष सामान को भी जल्द स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है।
लगातार हो रही बारिश से जिले के कई नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है और निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे पुल-पुलियों और उफनते नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
मौसम विभाग की चेतावनी और लगातार जारी बारिश को देखते हुए आने वाले घंटों में जलस्तर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
रिपोर्टर : मनोज गोस्वामी..
No Previous Comments found.