गांधी मैदान में सजेगी पौराणिक झांकियों की मनमोहक झलक, गोवर्धन पारा गणेश उत्सव समिति कर रही आयोजन
गरियाबंद : गणेश उत्सव पर इस बार जिलेवासियों को भक्ति और आस्था से जुड़े एक अनूठे आयोजन की सौगात मिलने जा रही है। गोवर्धन पारा गणेश उत्सव समिति, वार्ड नंबर 06 गरियाबंद के तत्वावधान में पहली बार शहर में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध “दाई के दुलरवा जस झांकी पटपर” मंडली की भव्य प्रस्तुति होने जा रही है।
यह धार्मिक आयोजन 18 सितंबर 2026, रात 8 बजे गांधी मैदान, गरियाबंद में आयोजित होगा। कार्यक्रम में देवी जस गीतों की मधुर प्रस्तुति के साथ-साथ माता काली के अद्भुत स्वरूप और विभिन्न पौराणिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां देखने को मिलेंगी। झांकियों के माध्यम से धार्मिक कथाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।पटपर की इस प्रसिद्ध झांकी को लेकर जिलेवासियों में खासा उत्साह है। सोशल मीडिया पर भी आयोजन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पहली बार गरियाबंद में इतने बड़े स्तर पर आयोजन होने से हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।आयोजन को लेकर समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं पार्षद छगन यादव ने बताया कि तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गांधी मैदान में भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। दर्शकों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जिसमें महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग से कुर्सियों की व्यवस्था रहेगी।छगन यादव ने कहा कि यह केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि मां की भक्ति और आस्था का महापर्व है। उन्होंने समस्त जिलेवासियों से सपरिवार गांधी मैदान पहुंचकर इस भक्तिमय कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
कार्यक्रम एक नजर में -
आयोजक - गोवर्धन पारा गणेश उत्सव समिति, वार्ड 06
दिनांक - 18 सितंबर 2026
स्थान - गांधी मैदान, गरियाबंद
समय - रात 8 बजे से
मुख्य आकर्षण - दाई के दुलरवा जस झांकी पटपर, देवी जस गीत एवं भव्य पौराणिक झांकियां
रिपोर्टर : मनोज गोस्वामी
No Previous Comments found.