सीनियर सेकेंडरी सप्लीमेंट्री एग्जामिनेशन–2026 लिखित परीक्षा जनपद में 09 परीक्षा केंद्रों पर होगी आयोजित एडीएम न्यायिक की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक

गौतमबुद्धनगर :  केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा 28 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक आयोजित होने वाली सीनियर सेकेंडरी सप्लीमेंट्री एग्जामिनेशन–2026 को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुचिता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के 09 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संचालन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप अपनी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें तथा निर्धारित समय पर अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहें।

      उन्होंने निर्देशित किया कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण हों तथा सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से कार्य कर रही हों। यदि कहीं कोई कमी या तकनीकी समस्या हो तो उसका तत्काल समाधान कराया जाए।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने सम्बंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए तथा किसी भी अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स या अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति न दी जाए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक चन्द्रशेखर द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संचालन की प्रक्रिया से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। बैठक में समस्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
 

 रिपोर्टर : देव कुमार मिश्रा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.