नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़िता ने वरीय अधिकारियों से लगाई गुहार
गया जी - गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र के बहेलिया बिगहा गांव में मारपीट एवं छेड़खानी के मामले में नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर पीड़िता खुशबू कुमारी ने वरीय अधिकारियों से गुहार लगाई है। टिकारी थाना कांड संख्या 442/26 में पीड़िता ने रामसेवक यादव, उनकी पत्नी पिंकी देवी सहित अन्य नामजद अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पीड़िता के आवेदन के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को घर में घुसकर मारपीट, छेड़खानी एवं जान से मारने की धमकी देने की घटना हुई थी। बीच-बचाव करने पहुंचे पीड़िता के पिता के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें उनकी नाक की हड्डी एवं दांत टूटने का आरोप है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान लोहे की रॉड से हमला किया गया, सोने की चेन छीन ली गई तथा पिस्तौल दिखाकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
इस मामले में पीड़िता ने वरीय अधिकारियों को आवेदन देकर नामजद अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष अनुसंधान तथा मेडिकल रिपोर्ट एवं एक्स-रे को अनुसंधान में शामिल करने की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद से पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए टिकारी थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि दोषियों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द की जाएगी और प्रशासन इस मामले में पीड़ित परिवार को पूर्ण सहयोग कर रहा है। पुलिस मामले के हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
रिपोर्टर - कृष्ण कुमार पांडेय

No Previous Comments found.