विष्णुपद में भी उठे थे कार्यशैली पर सवाल, अब अरवल के मेहंदिया में मनोरंजन कुमार को लेकर विवाद!
गयाजी अरवल : पुलिस की वर्दी जनता की सुरक्षा, सम्मान और न्याय का प्रतीक मानी जाती है, लेकिन जब उसी वर्दी की कार्यशैली पर सवाल उठने लगें तो जवाबदेही तय होना जरूरी हो जाता है। अरवल जिले के मेहंदिया थाना से जुड़ा एक शिकायत मामला इन दिनों चर्चा में है। शिकायतकर्ता ने थाना स्तर पर कथित मनमानी और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने एसडीपीओ अरवल को जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
इस पूरे प्रकरण में मनोरंजन कुमार का नाम चर्चा में है। उल्लेखनीय है कि मनोरंजन कुमार का पूर्व में गया जी के विष्णुपद थाना में भी पदस्थापन रहा है। विष्णुपद थाना में उनके कार्यकाल के दौरान भी उनकी कार्यशैली को लेकर सवाल और शिकायतें सामने आई थीं। अब अरवल के मेहंदिया थाना से जुड़ा मामला सामने आने के बाद उनके पूर्व पदस्थापन और वर्तमान कार्यशैली को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पुलिस पदाधिकारियों की कार्यशैली को लेकर बार-बार शिकायतें सामने आने पर विभागीय स्तर पर जवाबदेही कैसे सुनिश्चित की जाती है? क्या आम नागरिकों की शिकायतों पर केवल जांच रिपोर्ट मांगी जाएगी या जांच में आरोप सही पाए जाने पर ठोस कार्रवाई भी होगी?
फिलहाल पूरे मामले में मगध प्रक्षेत्र के आईजी के निर्देश पर होने वाली जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब निगाहें एसडीपीओ अरवल की जांच रिपोर्ट और पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
रिपोर्टर : कृष्णा पाण्डेय

No Previous Comments found.