पचोखर में राजस्व आदेश बेअसर, सरकारी चकनाली पर दोबारा कब्जा

गाज़ीपुर : जनपद की जमानियां तहसील अंतर्गत विकास खण्ड जमानियां के ग्राम पचोखर में राजस्व नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। सरकारी अभिलेखों में दर्ज चकनाली गाटा संख्या-275 पर बार-बार हो रहे अवैध कब्जे से न केवल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि क्षेत्र के किसानों की सिंचाई व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता एवं समाजसेवी नैतिक राय उर्फ गोल्डन ने इस संबंध में राजस्व विभाग को प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत के बाद राजस्व टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर सरकारी चकनाली का विधिवत सीमांकन कराया गया और अतिक्रमण हटाकर उसे कब्जा मुक्त बनवाया गया था, जिससे क्षेत्र के किसानों को खेती के लिए पानी की समुचित व्यवस्था मिल सके और गांव में चल रहे कृषि व विकास कार्यों को गति मिल सके।

हालांकि आरोप है कि सीमांकन और प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद किसान विशम्भर राय द्वारा पुनः सरकारी चकनाली पर अवैध कब्जा कर लिया गया। इससे खेतों तक पानी पहुंचने में बाधा उत्पन्न हो गई है और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में विवाद और गहरा सकता है। 

पीड़ित किसानों ने जिलाधिकारी,उपजिलाधिकारी जमानियां व उच्च राजस्व अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध कब्जा हटवाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्टर : रामू चौरसिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.