ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की बैठक में राजेश कुशवाहा बने तहसील अध्यक्ष
गाजीपुर : ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन तहसील इकाई कासिमाबाद की बैठक गुरुवार को तहसील कार्यालय परिसर में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, पत्रकारों की सुरक्षा, मान्यता एवं विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से तहसील महामंत्री राजेश कुशवाहा को तहसील अध्यक्ष मनोनीत किया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार वर्मा ने नवनियुक्त तहसील अध्यक्ष राजेश कुशवाहा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। विषम परिस्थितियों में भी पत्रकार निष्पक्ष होकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, ऐसे में संगठन का कर्तव्य है कि वह उनके हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहे। नवनियुक्त तहसील अध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, वह उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और प्रशासन से समन्वय स्थापित कर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए सभी सदस्यों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। तहसील उपाध्यक्ष राजेश चौरसिया ने कहा कि संगठन की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सभी पत्रकारों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करना चाहिए, ताकि किसी भी समस्या का प्रभावी ढंग से समाधान किया जा सके। इस अवसर पर मंत्री बृजेश प्रसाद, रमेश यादव, प्रचार मंत्री सरफराज अहमद, मीडिया प्रभारी अभिषेक आनंद, कोषाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा लाला, सत्यप्रकाश, धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : रामू चौरसिया


No Previous Comments found.