चौपाल लगा डीएम ने सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं
खानपुर (गाजीपुर) : सिधौना ग्राम पंचायत परिसर में शनिवार को गाजीपुर के डीएम और सीडीओ ने जनता चौपाल में ग्रामीणों के समस्याओं को सुना। सिधौना बाजार से सिद्धनाथ धाम तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव बनाया गया। पर्यटन विभाग द्वारा आधा अधूरा कराए जा रहे धाम के सुंदरीकरण पर डीएम अनुपम शुक्ला ने कार्यदायी संस्था पर नाराजगी जताते हुए जल्द ही कार्य पूर्ण कराने को आदेशित किया। डीएम ने जल जीवन मिशन में जल सप्लाई जल्द चालू करने को निर्देशित किया। पंद्रह दिन में सभी घरों तक पाइप पहुचा देना है। पाइप बिछाने के लिए खोदे गए सड़कों को तत्काल मरम्मत का निर्देश दिया। बिजली बिल और मीटर संबंधी शिकायतों के लिए विद्युत विभाग को सिधौना में कैंप लगाने को निर्देश दिया। जिपं सदस्य कमलेश यादव के सवाल पर डीएम ने कहा कि अभी दस दिन और जिले में बिजली की समस्या रहेगी। इसके बाद निर्वाध सप्लाई सुनिश्चित किया जाएगा। महिला समूहों की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए जल्द सक्रिय करने को कहा। सीडीपीओ सुनीता सिंह से सिधौना के चारों आंगनबाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र बनाने का प्रस्ताव मांगा। इस अवसर पर सीडीओ आलोक प्रसाद ने विधवा, वृद्ध और दिव्यांग पेंशनरों के विषय में जानकारी ली। सीएम और पीएम आवास के लाभार्थियों के सभी आवासों का मूल्यांकन किया गया। सीडीओ ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में आधारकार्ड से वंचित छात्रों के लिए जिले भर में बैंक के साथ मिलकर विशेष कैंप लगाकर बच्चों का आधारकार्ड बनाया जाय जिससे कोई भी छात्र डीबीटी लाभ से वंचित न रहे। इस अवसर पर डीएम और सीडीओ ने श्रेया और पूजा राजभर की गोंद भराई कर यश और अश्वनी का अन्नप्राशन किया। पंचायत भवन स्थित डिजिटल लाइब्रेरी का अवलोकन कर दोनों अधिकारियों ने विवेकानंद पार्क में हरिशंकरी का पौधा लगाया। डीएम ने गांव में अमृत सरोवर और खेल का मैदान बनाने के लिए अतिक्रमण की जमीनों को खाली कराने को निर्देशित किया। ग्रामप्रधान गीता सिंह ने सभी अधिकारियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कृषि, पशु पालन, स्वास्थ्य, सहकारी, समाज कल्याण, शिक्षा, विद्युत, लोक निर्माण सहित राजश्व विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रही। जहां करीब चार दर्जन लोगों ने अपनी अपनी समस्याओं का पत्रक सौंपा। एसडीएम सैदपुर ज्योति चौरसिया, बीडीओ धर्मेंद्र यादव, कृष्णानंद सिंह, उपेन्द्रनाथ मिश्र, शिवशंकर सिंह, शिवाजी मिश्र, संतोष मिश्र, लवप्रकाश सिंह रहे।
रिपोर्टर : गोविन्द कुमार
No Previous Comments found.