बिन मां की नवजात बच्ची को पाल रही दादी
खानपुर/गाजीपुर : नोनरा निवासिनी प्रसूता प्रियंका की मौत के बाद उसकी नवजात पुत्री को पालना बड़ी मुश्किल हो रहा है। मां की ममता से महरूम होने वाली नवजात बालिका का जीवन बेहद संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण हो जाता है। अपने पहले प्रसव के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही से मौत होने से पूर्व प्रियंका ने एक बच्ची को जन्म दिया था। नवजात बच्ची को जब मां के शव के संपर्क में रखा गया तब वहां मौजूद सबकी आंखे नम हो गईं। महिलाएं भावुकतापूर्ण माहौल में दहाड़े मार रोने लगीं। एक बच्ची के जीवन में मां का स्थान सबसे महत्वपूर्ण होता है जो उसे सुरक्षा, निस्वार्थ प्रेम और भावनात्मक संबल देती है। प्रियंका के जेठ राजेश कुमार ने बताया कि नवजात को उसकी बडी मां रेखा देवी द्वारा दूध पिलाने का प्रयास कर जीवन देने की कोशिश की जा रही है। दादी लीलावती देवी अपने बहु की अंतिम निशानी को हर दम सीने से लगाये रखतीं है। प्रियंका का प्रसव के दौरान करीब आधा दर्जन अस्पतालों में इलाज का प्रयास किया गया लेकिन उसे बचाया नही जा सका। देर रात पोस्टमार्टम के बाद प्रियंका का दाह संस्कार कर दिया गया। प्रियंका का भाई अजित कुमार सैदपुर विधायक अंकित भारती का वाहन चालक है। स्वजनों को सांत्वना देने नोनरा पहुचे विधायक के पिता ओपी भारती ने कहा कि मृत प्रियंका के मौत की पूरी जांच करायी जाएगी। दोषियों को बख्शा नही जाएगा। खानपुर एसओ रोहित मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार प्रसूता प्रियंका का अधिक रक्तस्राव होने के बाद सदमा लगने से मौत हो गयी। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे विधि सम्मत कार्यवाही की जा रही है।
रिपोर्टर : गोविन्द कुमार
No Previous Comments found.