खानपुर की छात्राओं बिजनेस मॉडल प्रतियोगिता में लाया प्रथम स्थान

गाजीपुर : राजकीय माध्यमिक विद्यालय खानपुर की पांच छात्राओं ने प्रदेश स्तरीय बिजनेस मॉडल प्रतियोगिता में पहला स्थान लाकर एक लाख रुपये का इनाम जीता है। शिक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार को लखनऊ में अविष्कार फाउंडेशन द्वारा आयोजित संकल्प भारत के अंतर्गत विकसित भारत के संकल्पना को साकार करने की प्रतियोगिता थी। जिसमें प्रदेशभर के करीब डेढ़ सौ विद्यालय के छात्रों ने भाग लिया था। इसमें राजकीय विद्यालय खानपुर के पांच छात्राओं को बिजनेस मॉडल प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त हुआ। छात्रा खुशी कनौजिया, नीति सिंह, दीया विश्वकर्मा, अंजली कुमारी और छाया प्रजापति ने कृषि अपशिष्ट से बायो ब्रिकेट बनाने के मशीन का मॉडल प्रस्तुत किया। राजकीय विद्यालय खानपुर की छात्राओं के मॉडल को सभी जजों ने मुक्तकंठ से सराहा और पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान के लिए चयनित किया। आविष्कार फाउंडेशन के सीईओ विनीत राय ने छात्राओं को इनामी राशि एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया। प्रधानाचार्य डॉ उमेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि बायो ब्रिकेट कृषि और जैविक कचरे से तैयार किया जाने वाला एक पर्यावरण अनुकूल ठोस जैव ईंधन है। जिसे मुख्य रूप से कोयले और लकड़ी के विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। धान की पराली, गन्ने की खोई, लकड़ी का बुरादा, मूंगफली के छिलके और अन्य कृषि अवशेष के कचरे को बारीक पीसकर उच्च दबाव वाली मशीनों की मदद से बेलनाकार, आयताकार लट्ठों में ढाला जाता है। कोयले की तुलना में यह काफी कम कार्बन डाइऑक्साइड और धुआं छोड़ता है। पारंपरिक ईंधन या कोयले के मुकाबले यह सस्ता और आसानी से उपलब्ध होता है। यह कोयले की तरह ही उच्च ऊष्मा देता है और देर तक जलता है। खेतों में पराली जलाने जैसी समस्याओं को कम करने में यह मदद करता है।

रिपोर्टर : हसन खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.