गाजियाबाद ट्रॉनिका सिटी में बुलडोजर एक्शन, तीन मंजिला मजार ध्वस्त
गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी इलाके में रविवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तीन मंजिला मजार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उस समय चर्चा में आ गई जब भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी इमारत को कुछ ही घंटों में मलबे में बदल दिया गया।
प्रशासन के अनुसार, यह निर्माण यूपीएसआईडीए (UPSIDA) की जमीन पर और ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में किया गया था, जहां किसी भी प्रकार का स्थायी निर्माण नियमों के तहत प्रतिबंधित है। अधिकारियों का कहना है कि इस ढांचे की शुरुआत वर्ष 2001 में एक छोटे निर्माण के रूप में हुई थी, जो समय के साथ बढ़ते-बढ़ते तीन मंजिला संरचना में बदल गया और करीब 300 वर्ग गज से अधिक क्षेत्र में फैल गया।
प्रशासन ने बताया कि संबंधित पक्ष को कई बार नोटिस जारी किए गए थे और अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय सीमा में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
रविवार को भारी पुलिस बल और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी में लेकर कार्रवाई शुरू की गई। एडीएम विकास कश्यप, डीपी ग्रामीण एसएन तिवारी और यूपीसीडा के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान सर्किल लोनी के एसीपी सिद्धार्थ गौतम की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
प्रशासन का दावा है कि ट्रॉनिका सिटी सेक्टर C-8 में लगभग 225 वर्ग मीटर सरकारी जमीन, जिसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है, को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी तरह के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल पूरे इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाइयों को और भी सख्ती से आगे बढ़ाए जाने के संकेत मिल रहे हैं।
No Previous Comments found.