इशोपुर गेस्टहाउस पर फहर रहा क्षतिग्रस्त ध्वज
गाजीपुर : इशोपुर स्थित अतिथि गृह में स्थापित सौ फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा क्षतिग्रस्त हो गया है। तेज आंधी में पांच दिनों से तिरंगे का एक कोना फटा हुआ है। बावजूद इसके प्रशासन तिरंगे को दुरस्त करने के लिए कोई पहल नहीं कर रहा। वाराणसी गोरखपुर हाइवे पर गाजीपुर जनपद में प्रवेश करते ही सिधौना बाजार के पास तिरंगा झंडा को लगाए हुए मात्र एक सप्ताह ही हुआ है। ऐसे में लोग तिरंगे की गुणवत्ता पर भी सवाल उठा रहे हैं। आसमान में लहराता तिरंगा देश की आजादी, एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। यह विशाल राष्ट्रीय ध्वज भारतीय सेना में सबसे अधिक सैनिकों का योगदान देने वाले गाजीपुर जनपद की आन बान शान और वीर बलिदानियों की याद दिलाता है। इसके केसरिया रंग त्याग, सफेद रंग शांति और हरा रंग समृद्धि को दर्शाता है। इसके अशोक चक्र प्रगति व सच्चाई की राह पर चलने का संदेश देते हैं। यह विशाल तिरंगा दूर से ही लोगों को नजर आता है और अपनी ओर आकर्षित करता है। विशालकाय तिरंगे को लहराता देख लोग गौरवान्वित महसूस करते हैं। दूधिया रौशनी में रात को यह आसमानी तिरंगा ध्वज विशेष अनुभूति देता है। स्थानीय बाजार वासियों और पूर्व फौजियों ने इस क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय ध्वज को बदलने की मांग की है।
रिपोर्टर : गोविन्द कुमार


No Previous Comments found.