गाजीपुर में अफजाल अंसारी कटरा की 18 दुकानें खुलीं, कोर्ट के आदेश के बाद बड़ी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद स्थित अफजाल अंसारी कटरा की 18 दुकानें कोर्ट के आदेश के बाद देर शाम खोल दी गईं। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत 26 मार्च 2023 को की गई कुर्की को अदालत द्वारा निरस्त किए जाने के बाद हुई।

कोर्ट के आदेश के अनुपालन में तहसीलदार मोहम्मदाबाद और कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दाखिलानामा से संबंधित कागजात सौंपे, जिसके बाद दुकानों के ताले खुलवाए गए। करीब तीन साल से बंद दुकानों के दोबारा खुलने से किराएदार दुकानदारों में खुशी का माहौल है।

दरअसल, 26 मार्च 2023 को पुलिस और प्रशासन ने डॉ. अंसारी रोड स्थित अफजाल अंसारी कटरा की 18 दुकानों को गैंगस्टर एक्ट के तहत सील कर दिया था। प्रशासन की ओर से आरोप लगाया गया था कि यह संपत्ति अपराध से अर्जित धन से बनाई गई है।

इसके बाद मंसूर अंसारी पुत्र खुर्शेदुल हक ने संपत्ति को लेकर न्यायालय में कानूनी लड़ाई लड़ी। उन्होंने अदालत के समक्ष संपत्ति से जुड़े दस्तावेज पेश किए और उसे वैध बताया। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने कुर्की निरस्त करने का आदेश दिया।

अदालत के आदेश के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दुकानों को खोल दिया। जैसे ही दुकानों के शटर उठे, किराएदार दुकानदारों के चेहरों पर खुशी नजर आई।

मीडिया से बातचीत में मंसूर अंसारी ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा कि आज सत्य और न्याय की जीत हुई है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.