सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद ‘घूसखोर पंडत’ का नाम बदला, विवाद पर लगा विराम
BY-UJJWAL SINGH
बॉलीवुड की गलियों में पिछले कुछ हफ्तों से जिस फिल्म को लेकर खूब चर्चा और विवाद हो रहा था, आखिरकार उस पर विराम लग गया है. फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने मामला निपटा दिया है. निर्माता की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद अदालत ने साफ कहा कि अब इस मुद्दे को लेकर आगे कोई कानूनी विवाद नहीं होना चाहिए.फिल्म के टाइटल को लेकर उठे बवाल के बाद निर्माता ने विवादित नाम वापस लेने का फैसला किया है. हालांकि नया नाम अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन पुराने नाम से जुड़ा हर तरह का प्रमोशनल मटेरियल हटा लिया गया है.
सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद बदला रुख
12 फरवरी की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट की बेंच जस्टिस बी. वी. नागरत्ना और जस्टिस उज्जवल भुइयां ने निर्माता को कड़ी फटकार लगाई थी .अदालत ने साफ कहा था कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी वर्ग का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता.कोर्ट ने निर्माता से पूछा था कि यदि नाम बदला जा रहा है तो नया नाम क्या होगा? साथ ही हलफनामे में यह स्पष्ट करने को कहा गया था कि फिल्म में किसी भी समुदाय के खिलाफ कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं है.निर्माता की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि फिल्म में किसी वर्ग का अपमान नहीं किया गया है. कहानी के मुख्य किरदार को लोग ‘पंडत’ कहकर बुलाते हैं, लेकिन उसका उद्देश्य किसी समुदाय की छवि खराब करना नहीं है.
ब्राह्मण समाज ऑफ इंडिया की आपत्ति बनी वजह
यह पूरा मामला तब गरमाया जब ‘ब्राह्मण समाज ऑफ इंडिया’ नाम की संस्था के सचिव अतुल मिश्रा ने फिल्म के खिलाफ याचिका दाखिल की. उनका कहना था कि फिल्म का नाम एक विशेष वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है.
निर्माता की तरफ से यह भी बताया गया कि दिल्ली हाई कोर्ट में भी इस मामले को लेकर कुछ याचिकाएं दायर हुई थीं और वह नाम बदलने को तैयार हैं.
निर्माता का बया सम्मान और सुधार दोनों साथ
निर्माता ने कोर्ट में स्पष्ट किया कि वे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर कोई बहस नहीं करना चाहते. वे याचिकाकर्ता की चिंताओं का सम्मान करते हैं और आवश्यक बदलाव के लिए तैयार हैं.अब जब विवादित नाम हटा लिया गया है और फिल्म में किसी भी वर्ग के अपमान से इनकार किया गया है, तो सुप्रीम कोर्ट ने मामले को समाप्त मानते हुए निपटारा कर दिया है.बॉलीवुड में अक्सर कंटेंट और क्रिएटिविटी के नाम पर विवाद खड़े होते रहते हैं, लेकिन इस बार सुलह और समझदारी से मामला सुलझ गया. अब सबकी नजर इस बात पर है कि फिल्म का नया नाम क्या होगा और बड़े पर्दे पर यह कहानी किस अंदाज में दस्तक देगी.


No Previous Comments found.