जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, उपायुक्त ने सुनीं 100 से अधिक शिकायतें

गिरिडीह :  आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार एक बार फिर लोगों के लिए उम्मीद का केंद्र बना। जिला समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त रामनिवास यादव ने 100 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर लोगों को राहत पहुंचाई। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। जनता दरबार में विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजना, भूमि विवाद, म्यूटेशन, लगान रसीद, आधार कार्ड, पेयजल, बिजली, कृषि एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटक रही महिला को मिली राहत गांडेय प्रखंड के जामजोरी पंचायत की रेशमी कुमारी ने अपने पति रंजीत कुमार मंडल का मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं मिलने की समस्या उपायुक्त के समक्ष रखी। कई दिनों से कार्यालयों का चक्कर लगाने के बावजूद प्रमाण पत्र नहीं मिलने पर उपायुक्त ने तत्काल हस्तक्षेप किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। इसके बाद महिला को मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया। प्रमाण पत्र मिलने पर उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। आवासहीन परिवार को मिलेगा अंबेडकर आवास योजना का लाभ धनवार प्रखंड के डोरंडा निवासी कृष्ण यादव ने जनता दरबार में पक्का मकान नहीं होने की समस्या बताई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित बीडीओ को जांच कर पात्रता के अनुसार उन्हें अंबेडकर आवास योजना का लाभ देने का निर्देश दिया। वज्रपात पीड़ित परिवार को सहायता राशि देने का निर्देश तिसरी अंचल की ममता कुमारी ने अपने पति की वज्रपात से हुई मृत्यु के बाद आर्थिक सहायता की मांग की। उपायुक्त ने मामले में तत्काल जांच कर आपदा प्रबंधन विभाग के तहत अनुमन्य चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया। बच्ची के आधार कार्ड निर्माण में आ रही बाधाएं दूर होंगी धनवार के डोरंडा निवासी एक बच्ची के आधार कार्ड निर्माण से जुड़ी तकनीकी समस्याओं पर भी उपायुक्त ने संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी त्रुटियों का तत्काल निराकरण कर शीघ्र आधार कार्ड जारी कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्ची को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में कोई परेशानी न हो। बिजली समस्या पर भी हुई त्वरित कार्रवाई गिरिडीह प्रखंड की परसाटॉड पंचायत के चंदनडीह गांव के ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के कारण बाधित विद्युत आपूर्ति की शिकायत की। उपायुक्त ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को तत्काल जांच कर मरम्मत कार्य पूरा करने तथा क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध : उपायुक्त जनता दरबार के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता दरबार का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं रखने और उनका त्वरित समाधान प्राप्त करने का अवसर देना है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रिपोर्टर : संजीत सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.