खरगडीहा में भक्ति का शंखनाद: 20 फरवरी से शुरू होगा हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ

गिरिडीह : क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खरगडीहा में आगामी हनुमान प्राण प्रतिष्ठा हेतु महायज्ञ की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धा और भक्ति के इस महापर्व का आगाज़ आगामी 20 फरवरी 2026 को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह नव दिवसीय महायज्ञ क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेगा। 
वृंदावन की सुप्रसिद्ध कथा वाचिका और विद्वान आचार्य होंगे शामिल
यज्ञ समिति ने जानकारी दी है कि इस महोत्सव में श्रद्धालुओं को अध्यात्म की गहराई से जोड़ने के लिए वृंदावन से सुप्रसिद्ध कथा वाचिका दीप्ती श्री जी उपस्थित रहेंगी। उनके भजनों और प्रवचनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बनेगा। वहीं, महायज्ञ के विधि-विधान को संपन्न कराने के लिए आचार्य विनय पाठक मुख्य रूप से उपस्थित रहकर पूजन और अनुष्ठान का नेतृत्व करेंगे।
नौ दिनों तक चलेगा अनुष्ठान
20 फरवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ प्रारंभ होने वाला यह यज्ञ अगले नौ दिनों तक चलेगा। इस दौरान हनुमान जी की प्रतिमा की शास्त्रोक्त विधि से प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय ग्रामीणों और यज्ञ समिति द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं, जिसमें प्रवचन पंडाल, श्रद्धालुओं के ठहरने और भंडारे की व्यवस्था शामिल है।
खरगडीहा यज्ञ समिति के सदस्यों ने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कलश यात्रा और यज्ञ में शामिल होकर पुण्य के भागी बनने की अपील की है।
रिपोर्टर : आशीष भदानी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.