उपायुक्त ने आज नारी अदालत से संबंधित बैठक के लिए दिए जरूरी निर्देश
गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में नारी अदालत से संबंधित बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य नारी अदालत की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करना तथा महिलाओं से जुड़े मामलों का त्वरित और न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। बैठक के दौरान पिछले महीने आए मामलों की समीक्षा भी की गई। जिन मामलों का निष्पादन हो चुका है, उनकी जानकारी साझा करने के साथ लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर बल दिया गया। और ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, जिससे अधिक से अधिक संख्या में महिलाएँ इस मंच का लाभ उठा सकें। उपायुक्त ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर महिलाओं द्वारा सामना किया जाने वाले छोटे प्रवृत्ति के मामले जैसे उत्पीड़न, हिंसा, तोड़फोड़ अधिकारों की कटौती आदि मामलों के लिए महिलाओं को वैकल्पिक शिकायत निवारण तंत्र प्रदान करने हेतु नारी अदालत की शुरुआत की जानी है।
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि नारी अदालत महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, संपत्ति विवाद, पारिवारिक कलह एवं अन्य सामाजिक समस्याओं से राहत दिलाने का एक प्रभावी स्थान है।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का पंजीकरण पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा दोनों पक्षों की बातों को सुनकर निष्पक्ष निर्णय लिऐ जाए।
नारी अदालत को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जाएगा जिससे हरेक पीड़ित महिला को समय पर न्याय मिल सके। वहीं लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादित करने के लिए समय सीमा निर्धारित की गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरुआ, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह श्रीकांत यशवंत विसपुते, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बिनोद सिंह समेत अन्य संबंधित अधिकारी शामिल रहे l
रिपोर्टर : अमित कुमार


No Previous Comments found.