'औने-पौने दाम पर फसल बेचने को मजबूर हैं किसान', जमुआ विधायक ने सदन में कोल्ड स्टोरेज की उठाई मांग
गिरिडीह - जिले अंतर्गत जमुआ विधानसभा क्षेत्र की विधायक मंजु कुमारी ने विधानसभा में क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए जमुआ में कृषि मंडी एवं उच्च क्षमता वाले आधुनिक कोल्ड स्टोरेज की स्थापना की मांग सरकार से की है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह जिला अंतर्गत जमुआ विधानसभा क्षेत्र एक प्रमुख कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहाँ बड़ी संख्या में किसान सब्जी, फल एवं अन्य फसलों का उत्पादन करते हैं। लेकिन क्षेत्र में कृषि मंडी एवं समुचित भंडारण सुविधा के अभाव में किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। विधायक मंजु कुमारी ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि जमुआ विधानसभा क्षेत्र में कृषि मंडी तथा उच्च क्षमता वाले आधुनिक कोल्ड स्टोरेज की स्थापना की जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और उन्हें अपनी फसलों के सुरक्षित भंडारण की सुविधा भी प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए यह कदम अत्यंत आवश्यक है। विधायक ने भरोसा दिलाया कि जमुआ के किसानों के अधिकार और हितों के लिए उनकी आवाज सदन में लगातार उठती रहेगी।
रिपोर्टर - आशीष भदानी
No Previous Comments found.