जमुआ विधायक मंजु कुमारी ने विधानसभा में उठाया जाति-आवासीय प्रमाण पत्र में देरी का मुद्दा;
गिरिडीह - जमुआ विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती मंजु कुमारी ने झारखंड विधानसभा में गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड सहित राज्य के विभिन्न प्रखंडों में जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र समय पर निर्गत नहीं होने का गंभीर मामला उठाया है। विधायक ने सदन का ध्यान इस ओर खींचते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों की सुस्ती का खामियाजा आम जनता और खासकर विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है।
विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट
विधायक मंजु कुमारी ने जोर देकर कहा कि प्रमाण पत्र मिलने में हो रही अत्यधिक देरी के कारण छात्र-छात्राओं को भारी मानसिक और शैक्षणिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्र समय पर दस्तावेज न होने के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं, तो कई प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में नामांकन (एडमिशन) से वंचित रह जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सीधे तौर पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। सदन के माध्यम से विधायक ने राज्य सरकार से मांग की कि इस समस्या का अविलंब समाधान किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र निर्गत करने की पूरी प्रक्रिया को 'समयबद्ध' (Time-bound) और सुचारू बनाया जाए, ताकि आवेदकों को बेवजह कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। श्रीमती मंजु कुमारी ने स्पष्ट किया कि जनहित और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार को इस विषय पर त्वरित और प्रभावी कदम उठाने चाहिए ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता और तेजी आए।
रिपोर्टर - आशीष भदानी


No Previous Comments found.