तेज रफ्तार का कहर: अज्ञात बस की चपेट में आने से दो युवक घायल
जमुआ (गिरिडीह)- जमुआ प्रखंड अंतर्गत खरगडीहा-तीसरी मुख्य मार्ग पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को खरगडीहा स्थित लंगटा बाबा मंदिर के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद नियाज और मोहम्मद आफताब (निवासी- तेलोंडीह, गिरिडीह) तीसरी से अपनी बाइक पर सवार होकर अपने घर तेलोंडीह जा रहे थे। इसी दौरान खरगडीहा मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के कारण दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
ग्रामीणों ने पहुँचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वही झामुमो नेता चीना खान, स्थानीय मुखिया सुनील कुमार साव सहित अन्य ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जमुआ पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
स्पीड ब्रेकर की उठ रही मांग
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लंगटा बाबा मंदिर के समीप स्थित यह मोड़ काफी खतरनाक है और यहाँ आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थान पर जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है, ताकि वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाया जा सके और भविष्य में होने वाले हादसों को रोका जा सके।
रिपोर्टर आशीष भदानी जमुआ

No Previous Comments found.