डीएवी पब्लिक स्कूल बरही के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, वॉलीबॉल, जूडो और स्केटिंग में जीते स्वर्ण पदक
बरही : डीएवी पब्लिक स्कूल बरही के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। गिद्दी में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में डीएवी बरही की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए केदला की टीम को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में अनुशासन, टीम भावना और बेहतरीन खेल कौशल का परिचय दिया।
वहीं बरकाकाना में आयोजित जूडो प्रतियोगिता में भी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अंकित, रिया रानी और अनु कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया।
इसके अलावा स्केटिंग प्रतियोगिता में शिवांश, आलोक, मयंक, अमित, शुभम और रॉकी ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा।
विद्यालय के प्राचार्य श्री पुष्प कुमार झा ने सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य ने खेल शिक्षक राजेश कुमार सिंह एवं हेमंत कुमार के समर्पण और कड़ी मेहनत की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि विद्यालय के विद्यार्थी लगातार खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.